India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार समझौते की बातचीत अब निर्णायक दौर में पहुंचती नजर आ रही है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच ट्रेड डील जल्द पूरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और उसका रोडमैप अब आकार ले रहा है। हालांकि, यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। ऐसे में इस ट्रेड डील पर दोनों देशों की बातचीत को काफी अहम माना जा रहा है।
अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर क्या बोले पीयूष गोयल?
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ‘इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026’ को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है। उन्होंने बताया कि जिन मुद्दों और प्रक्रियाओं के कारण पहले समझौते को अंतिम रूप देने में मुश्किल आ रही थी, अब उन पर आगे बढ़ने का रास्ता तैयार हो रहा है। गोयल के इस बयान से संकेत मिलता है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए बातचीत में प्रगति हुई है। हालांकि, समझौते पर अंतिम मुहर लगने की तारीख को लेकर उन्होंने कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई।
भारतीय सामानों पर 25% टैरिफ लगाने का प्रस्ताव
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बीच अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने ‘सेक्शन 301’ जांच के तहत भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिका ने इसके पीछे भारतीय विनिर्माण क्षेत्र में कथित तौर पर जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता यानी एक्सेस मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी को वजह बताया है। वहीं, वाशिंगटन की ओर से संकेत दिया गया है कि यदि भारत इस मुद्दे को सुलझाने के लिए पारस्परिक व्यापार समझौता करता है, तो प्रस्तावित शुल्क को घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है। इस प्रस्ताव पर सार्वजनिक टिप्पणियां और सुनवाई 25 जनवरी 2027 से शुरू होनी हैं। भारत ने अमेरिकी निष्कर्षों पर आपत्ति जताई है। ऐसे में आने वाले समय में दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है।
ये भी पढें
यूपी में IPS तबादलों की बड़ी खेप, कई शहरों के पुलिस कप्तान और कमिश्नर बदल
भारत-यूरोपीय संघ FTA पर भी आया बड़ा अपडेट
पीयूष गोयल ने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को लेकर भी अहम जानकारी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के अंत तक भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। इसके बाद यह समझौता अगले साल मार्च या अप्रैल तक लागू होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में भारत ने 38 विकसित देशों के साथ नौ मुक्त व्यापार समझौते पूरे किए हैं।
इन समझौतों के जरिए भारतीय कारोबारियों और निर्यातकों को ऐसे बाजारों में तरजीही पहुंच मिली है, जिनकी कुल अर्थव्यवस्था का आकार करीब 70 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। इसके अलावा भारत आठ से नौ अन्य व्यापार समझौतों पर भी बातचीत कर रहा है। इनके पूरा होने पर भारत की तरजीही बाजार पहुंच का दायरा बढ़कर करीब 85 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकता है।
वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मजबूत है भारत की अर्थव्यवस्था
पीयूष गोयल ने भारत की आर्थिक विकास दर पर भरोसा जताते हुए कहा कि दुनिया में संघर्ष, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और टैरिफ से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने अपनी विकास गति बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी दुनिया का भारत की विकास गाथा पर भरोसा कायम है। गोयल के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत ने 7.8 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर दर्ज की है। उन्हें उम्मीद है कि सितंबर तिमाही में भी अर्थव्यवस्था की रफ्तार मजबूत बनी रहेगी। इसके अलावा ग्रॉस फिक्स्ड कैपिटल फॉर्मेशन (GFCF) में करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि बैंक क्रेडिट की वृद्धि दर लगभग 19 प्रतिशत रही है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
चाय पीना बेहतर या कॉफी? जानिए किस ड्रिंक में छिपे हैं ज्यादा हेल्थ बेनिफिट्स
प्रयागराज के अल्लापुर में सैलून के अंदर अरविंद की गोली मारकर हत्या
₹1.25 लाख के करीब पहुंचा सोना, 2027 तक मिल सकता है 26% तक रिटर्न
आज कारोबार में लाभ और नौकरी में उन्नति के योग, इन राशियों की चमकेगी किस्मत
