New Delhi: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के गंगा और सरयू घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गढ़मुक्तेश्वर से लेकर अयोध्या, दोहरीघाट और मिर्जापुर तक लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। तड़के से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। गढ़मुक्तेश्वर में मंगलवार दोपहर तक 40 लाख से अधिक लोगों के गंगा स्नान करने का अनुमान बताया गया।
गढ़मुक्तेश्वर में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान
गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के मुख्य पर्व पर दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से लाखों श्रद्धालु पहुंचे। सोमवार शाम को श्रद्धालुओं ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए गंगा में दीपदान किया। इसके बाद रात 12 बजे से मुख्य स्नान शुरू हुआ। मंगलवार सुबह होते ही स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। मेले की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दोपहर तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के गंगा में डुबकी लगाने की जानकारी सामने आई। श्रद्धालुओं का मेले में पहुंचना लगातार जारी रहा।

अयोध्या में सरयू घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कार्तिक पूर्णिमा पर अयोध्या में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में भक्तों ने सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालु हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। घाटों पर सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी रही।

दोहरीघाट में सुबह चार बजे से शुरू हुआ स्नान
मऊ के दोहरीघाट में सरयू नदी के तट पर मंगलवार सुबह चार बजे से ही स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह 10 बजे तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पवित्र नदी में डुबकी लगा चुके थे। रामघाट समेत आसपास के घाटों पर भारी भीड़ जुटी रही। सरयू माता के जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। कई महिलाओं ने नावों के जरिए नदी की मध्य धारा में पहुंचकर मां सरयू को सेहरा अर्पित किया। इस दौरान गौदान और मुंडन संस्कार भी कराए गए। श्रद्धालुओं ने मुक्तिधाम परिसर स्थित विशाल शिव प्रतिमा, एकादश शिवलिंग और भारत माता मंदिर में दर्शन किए।
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए पहुंचे हजारों भक्त
मिर्जापुर में कार्तिक पूर्णिमा पर मां विंध्यवासिनी के दरबार में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भोर में गंगा स्नान और दान-पुण्य करने के बाद मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन किए। हाथों में फूल-माला, नारियल और चुनरी लेकर श्रद्धालु कतारों में खड़े रहे और परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
आम आदमी की रसोई पर महंगाई की मार, सरसों तेल से दाल तक के दाम आसमान पर
महराजगंज जनपद में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
मंगलवार को किसी की चमकेगी किस्मत तो किसी को लगेगा झटका
