Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। महज 50 हजार रुपये के विवाद में एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए उसने पत्नी के साथ मिलकर पहले शव को कुएं से बाहर निकाला और फिर यमुना नदी में बहा दिया। बेटी की मौत को हादसा बताकर मामला दबाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची एक अनजान फोन कॉल ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता जितेंद्र सिंह और मां सुधा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर को दरियाबाद श्मशान घाट के पास यमुना नदी में एक किशोरी का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान शव की पहचान बारा निवासी जितेंद्र सिंह की 17 वर्षीय बेटी प्राची सिंह के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद दरोगा अविनाश यादव की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
50 हजार रुपये के लेनदेन पर हुआ था विवाद
थाना प्रभारी प्रमोद शुक्ला के अनुसार, हिरासत में पूछताछ के दौरान पिता जितेंद्र सिंह ने बताया कि बेटी प्राची ने उसके बैंक खाते से 50 हजार रुपये अपनी मां सुधा के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। पुलिस की जांच और पूछताछ में सामने आया कि इसी विवाद के बाद जितेंद्र ने प्राची की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद रात में उसने पत्नी सुधा के साथ मिलकर शव को कुएं से बाहर निकाला। दोनों ने हत्या के सबूत छिपाने के इरादे से शव को यमुना नदी में बहा दिया, ताकि मामला हादसा लगे और किसी को उन पर शक न हो।
ये भी पढें
आज से पुष्कर मेले की रौनक, 24 नवंबर को होगा कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान
बेटी की मौत को हादसा बताकर दबा दिया था मामला
इस पूरे मामले में पुलिस की शुरुआती जांच भी सवालों के घेरे में है। बताया जा रहा है कि 10 नवंबर को बारा गांव में किशोरी की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वहां परिजनों से बातचीत करने और अंतिम संस्कार की जानकारी लेने के बाद टीम वापस लौट आई थी। उस समय मौत की परिस्थितियों की गहराई से जांच नहीं की गई। इसके नौ दिन बाद 19 नवंबर को यमुना नदी में किशोरी का शव मिलने से मामला फिर चर्चा में आया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पहले बताई गई मौत की परिस्थितियों की दोबारा जांच शुरू की।
SP को आई एक अनजान कॉल ने बदल दी जांच की दिशा
मामले में सबसे अहम मोड़ तब आया, जब पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के पास एक अनजान व्यक्ति का फोन आया। इस कॉल के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नए सिरे से जांच शुरू की। पुलिस ने अंतिम संस्कार से जुड़ी तस्वीरों की पड़ताल की और शव को स्टीमर से ले जाने वाले चालक से भी पूछताछ की।
जांच का दायरा बढ़ने के साथ ही परिजनों के बयानों और सामने आए साक्ष्यों में अंतर मिलने लगा। इसके बाद पुलिस ने पिता जितेंद्र सिंह और मां सुधा से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें कथित हत्या और शव को यमुना में फेंकने की पूरी कहानी सामने आ गई।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
अपनों को खोकर दूसरों को दिया जीवन, ऐसे परिवारों को सम्मानित करेगा 2030 का भारत
आज से पुष्कर मेले की रौनक, 24 नवंबर को होगा कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान
भारत- नेपाल सीमा पर 15 बोरी कद्दू का बीज बरामद
