उमेश चन्द्र त्रिपाठी
लखनऊ/ सिद्धार्थनगर। नेपाल में होने वाले चुनाव को लेकर बार्डर पर सुरक्षा कड़ी होगी। भारत व नेपाल की सुरक्षा एजेंसियां इसे लेकर रूपरेखा तैयार करने में जुट गई है। मोहाना थाना के ककरहवा बार्डर पर मंगलवार को पुलिस, SSB के साथ नेपाल के एपीएफ (आम्स पुलिस फोर्स) के अधिकारियों ने बैठक की। अपराधियों के धर-पकड़ से संबंधित साझा अभियान संचालित करने की रूपरेखा तैयार की। एसएसबी 43 वीं वाहिनी के कमांडेंट उज्जवल दत्ता ने कहा कि नेपाल में चुनाव को लेकर सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। भारत व नेपाल की सुरक्षा एजेंसियां अपने जवानों को अलर्ट रहने के लिए निर्देशित किया है।
दोनों देश के जवान बार्डर पर बेवजह आने-जाने वालों की चेकिंग अभियान को संचालित करेगी। बार्डर पर तस्करी के मामलों पर रोकथाम के लिए संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। आपसी समन्वय स्थापित कर सीमा पर जवान गश्त करेंगे। संदिग्ध व्यक्ति और वस्तु की अगर किसी को सूचना मिलती है तो दोनों देश के जवान अलर्ट मोड में आते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर देंगे। सहायक कमांडेंट आशीष सावंत, निरीक्षक संजीव, एसओ मोहाना जीतेंद्र सिंह, ककरहवा पुलिस चौकी प्रभारी विरेंद्र यादव, नेपाल पुलिस के कालीदह प्रहरी रत्न बहादुर थापा, एपीएफ के राज बहादुर छेत्री समेत अन्य कई लोग मौजूद रहे।
