- एक युवक की पेड़ के नीचे मौत, दर्जन भर लोग घायल
- पुलिस और नगर निगम दस्ता मौके पर
- उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक घटनास्थल और घायलों की हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। सोमवार की रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के चलते कैसरबाग इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक पीपल का पेड़ गिर गया। यह हादसा मछली मंडी में भरी भीड़ में होने से अफरातफरी मच गई। पेड़ इतना भारी-भरकम था कि आसपास के मकानों की दीवारें दरक गई। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग दब गए और एक युवक की मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारियों व नगर निगम के अफसर सकते में आ गए और आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे। भारी मात्रा में पुलिस और दमकल कर्मी के जवान राहत में लगे हैं। बताते चलें कि जिस जगह पर धड़धड़ाते हुए पीपल का पेड़ गिरा है, वहां मछली मंडी लगती थी।
पुलिस, दमकल कर्मी और नगर निगम टीम ने पेड़ के नीचे दबे लोगों को काफी मशक्कत के बाद निकलवाकर अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो यह पेड़ सौ साल से अधिक पुराना है, आज तक इस जर्जर पेड़ की ओर किसी जिम्मेदार अफसरों की नजर नहीं पहुंची नतीजतन इसी लापरवाही के चलते मंगलवार को वहां चीख-पुकार मच गई। वहीं पेड़ इतना भारी था कि पेड़ गिरते ही उसकी डालें आसपास में बने मकानों पर गिर पड़ी, जिससे कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई गुमटियां भी क्षतिग्रस्त हो गई।
उपमुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर इलाज करने के लिए दिए निर्देश
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि एक युवक की हुई मौत पर गहरा दुःख जताया है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी घायलों को बेहतर इलाज करने के लिए निर्देश दिए हैं। वहीं मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी विशाख जी ने के मुताबिक एक युवक की मौत हुई है और चार लोग जख्मी हुए हैं, जबकि वहां की चीख-पुकार साफ बयां कर रही है एक-दो नहीं दर्जन भर से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
