आचार्य संजय तिवारी
Bikaner: सनातन धर्म के आकाश से एक और दिव्य नक्षत्र अस्त हो गया। श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर, निर्वाण पीठाधीश्वर, बीकानेर राजगुरु स्वामी विशोकानंद भारती जी महाराज का 74 वर्ष की आयु में दिल्ली में ब्रह्मलीन होना, केवल एक व्यक्ति का जाना नहीं, एक जीवंत वैदिक परम्परा का मौन हो जाना है। अभी कुछ ही दिनों पूर्व काशी में संस्कृति संसद के मंच से स्वामी जी का अत्यंत महत्वपूर्ण उद्बोधन प्राप्त करने का अवसर मिला था।
स्वामी जी का जीवन तप, त्याग और विद्या का त्रिवेणी संगम था। उत्तरकाशी की पवित्र भूमि में जन्म लेकर आपने बाल्यकाल से ही गुरुकुल की कठोर साधना को अपनाया। आप केवल अखाड़े के आचार्य नहीं थे, आप गुरुकुल परम्परा के पुनरुद्धारक थे। देशभर में आपके द्वारा स्थापित सात गुरुकुल आज भी वैदिक शिक्षा की ज्योति जला रहे हैं। हरिद्वार कनखल के श्रीयंत्र मंदिर सोमेश्वर धाम से लेकर बीकानेर के राजदरबार तक, आप धर्म के एक सजग प्रहरी की भांति स्थित थे। कुंभ, अर्धकुंभ और संत समागमों में आपकी उपस्थिति मात्र से ही मर्यादा और शास्त्रीयता का बोध होता था। आप अखाड़ा परम्परा को विवाद से नहीं, संवाद और शास्त्रार्थ से चलाने में विश्वास रखते थे।
आपका यूं अचानक चले जाना संत समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। अखिलभारतीय संतासमिति और गंगामहासभा के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानंद जी सरस्वती, संस्कृति संसद के संयोजक और श्री काशी विद्वत्परिषद के संगठन मंत्री आचार्य गोविंद शर्मा सहित संस्कृति संसद के आयोजक मंडल ने ब्रह्मलीन स्वामी जी को हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित की है। हम सभी संस्कृति पर्व परिवार और भारत संस्कृति न्यास, की ओर से हम उस पुण्यात्मा को कोटि-कोटि नमन करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि ब्रह्मलीन महाराज जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके शिष्यों, अनुयायियों को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करें। कल 29 नवंबर को बीकानेर में समाधि दी जाएगी।
ॐ शांति: शांति: शांति:
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
बंथरा: तेज रफ्तार कंटेनर के चालक ने मां-बेटी को कुचला
DMK के परिसीमन समर्थन से भड़की TVK, स्टालिन को बताया ‘सावरकर 2.0’
DMK का परिसीमन बिल को समर्थन, तमिलनाडु की हिस्सेदारी पर शर्त
