Delimitation Bill: तमिलनाडु की राजनीति में परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के DMK के फैसले पर अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पर तीखा हमला बोला है। TVK के आईटी विंग ने स्टालिन की एक मॉर्फ्ड तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसमें उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वर्दी पहने दिखाया गया है। इस तस्वीर के साथ पार्टी ने उन्हें ‘सावरकर 2.0’ करार दिया।
TVK के आईटी विंग ने पोस्ट में लिखा, ‘स्टालिन, यानी सावरकर 2.0।’ इतना ही नहीं, पार्टी की ओर से एक अन्य एनिमेटेड पोस्ट भी साझा की गई, जिसमें एम.के. स्टालिन और उनके बेटे एवं तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को RSS सदस्यों के रूप में शपथ लेते हुए दिखाया गया। इसके साथ तंज कसते हुए लिखा गया कि यह वह पल है, जब वे पूरी तरह ‘संघी’ बन गए।
परिसीमन बिल का समर्थन बना विवाद की वजह
दरअसल, TVK की यह तीखी प्रतिक्रिया DMK की ओर से संसद में संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के फैसले के बाद आई है। DMK के उप महासचिव और सांसद ए. राजा ने बताया कि संशोधित विधेयक में सभी राज्यों के लिए लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है।
ये भी पढें
वर्तमान में लोकसभा में DMK के 22 और राज्यसभा में आठ सांसद हैं। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने अपनी पार्टी के फैसले का बचाव करते हुए इसे तमिलनाडु के तीन साल लंबे संघर्ष की बड़ी जीत बताया है। उनका कहना है कि संशोधित विधेयक DMK की उन दो प्रमुख मांगों को पूरा करता है, जिन्हें वर्ष 2024 में विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर उठाया गया था।
1971 की जनगणना को आधार बनाने पर DMK ने जताई संतुष्टि
DMK का कहना है कि संशोधित विधेयक में परिसीमन के लिए हालिया जनसंख्या आंकड़ों के बजाय वर्ष 1971 की जनगणना को आधार बनाया गया है। पार्टी का तर्क है कि यदि मौजूदा जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होता, तो अधिक जनसंख्या वाले उत्तरी राज्यों को इसका ज्यादा फायदा मिल सकता था और दक्षिणी राज्यों का संसदीय प्रतिनिधित्व प्रभावित होने की आशंका थी। स्टालिन के मुताबिक, 1971 की जनगणना को आधार बनाए रखने से तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी का रास्ता खुलेगा और संसद में राज्य के प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात भी सुरक्षित रहेगा। इससे आने वाले 25 वर्षों तक तमिलनाडु के राजनीतिक हितों की रक्षा हो सकेगी।
पहले पुराने विधेयक का कर चुकी है DMK विरोध
गौरतलब है कि DMK इससे पहले परिसीमन विधेयक के पुराने संस्करण का कड़ा विरोध कर चुकी है। उस समय पार्टी ने आरोप लगाया था कि विधेयक को जल्दबाजी में संसद में पेश किया गया और इसके प्रावधान दक्षिणी राज्यों के हितों के खिलाफ हो सकते हैं। हालांकि, संशोधित विधेयक में बदलावों के बाद DMK ने अपना रुख बदलते हुए इसका समर्थन करने का फैसला किया है। इसी फैसले को लेकर अब तमिलनाडु में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। TVK ने जहां स्टालिन पर वैचारिक समझौते का आरोप लगाते हुए व्यंग्यात्मक पोस्ट साझा किए हैं, वहीं DMK इसे तमिलनाडु के हितों की रक्षा करने वाला फैसला बता रही है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
परिसीमन बिल पर NCP (SP) के समर्थन की चर्चा, सुप्रिया सुले पर नजरें
गरुड़ पुराण में भूत-प्रेत और मृत्यु के बाद आत्मा का रहस्य
जानकीपुरम: नकली पिस्टल लहराने वाले दो युवक गिरफ्तार
बिहार में JEE-NEET की मुफ्त कोचिंग, 24 हजार की स्कॉलरशिप
