NDA alliance: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की कथित 36 विधानसभा सीटों की सूची सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में सुभासपा के नेता डॉ. अरविंद राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश को सुभासपा की कथित सीटों की सूची वायरल करने के बजाय अपने राजनीतिक गठबंधन और सहयोगियों के सम्मान की चिंता करनी चाहिए।
डॉ. अरविंद ने कहा कि यादव द्वारा सोशल मीडिया पर सुभासपा की कथित 36 विधानसभा सीटों की सूची साझा कर उस पर राजनीतिक टिप्पणी करना उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। किसी राजनीतिक दल की आंतरिक बातचीत और सीटों से जुड़ी चर्चाओं को सार्वजनिक करके उसका मजाक उड़ाना राजनीतिक शिष्टाचार और गठबंधन की मर्यादा के अनुरूप नहीं है।
सीटों की मांग करना हर दल का लोकतांत्रिक अधिकार
अरविंद राजभर ने कहा कि गठबंधन की राजनीति में सीटों की मांग करना किसी भी राजनीतिक दल का लोकतांत्रिक अधिकार है। सुभासपा की ओर से 36 सीटों की मांग को NDA से बाहर निकलने का बहाना बताना पूरी तरह निराधार और भ्रामक है। सीटों को लेकर होने वाली चर्चा को गठबंधन टूटने की कहानी के रूप में पेश करना केवल राजनीतिक व्याख्या है। इससे पार्टी की पहचान और संगठनात्मक ताकत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।
उन्होंने कहा कि NDA गठबंधन में किसी तरह के विघटन की संभावना नहीं है। गठबंधन में सीटों का अंतिम फैसला अधिकृत बातचीत और आपसी सहमति से होता है, न कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली पोस्ट के आधार पर।
किसी राजनीतिक परिवार की विरासत पर निर्भर नहीं सुभासपा
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को सुभासपा के राजनीतिक वजूद की चिंता करने की जरूरत नहीं है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने संघर्ष, संगठन और समाज के बीच लगातार मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाई है। पार्टी का अपना नेतृत्व, चुनाव चिह्न, कार्यकर्ता और सामाजिक आधार है। उसे किसी के राजनीतिक प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब अखिलेश यादव सहयोगी दलों के सम्मान और राजनीतिक भागीदारी की बात करते हैं, तो क्या दूसरे दलों की सीटों से जुड़ी चर्चाओं को कथित फर्जी सूची के रूप में सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करना उचित राजनीतिक व्यवहार है?
सामाजिक न्याय के मुद्दों पर आगे बढ़ती रहेगी पार्टी
अरविंद राजभर ने कहा कि सुभासपा हमेशा पिछड़ों, दलितों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ती रही है। पार्टी की राजनीति किसी के इशारे पर नहीं चलती और न ही वह किसी की राजनीतिक मान्यता की मोहताज है। उन्होंने भाजपा की प्रत्याशियों की सूची और सुभासपा की सीटों की मांग को जोड़कर लगाए जा रहे राजनीतिक कयासों को भ्रम फैलाने की कोशिश बताया।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
मां का आंचल छूटा, योगी के सिर दुखों का पहाड़ टूटा
तुलसी विवाह आज, जानें धार्मिक महत्व और पौराणिक कथा
ग्रह-नक्षत्रों की चाल बदलेगी किस्मत, इन राशियों को मिलेंगे शुभ समाचार
