Prayagraj: महाकुम्भ-2025 के मद्देनजर विकसित किए गए महर्षि भारद्वाज आश्रम कॉरिडोर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अब इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपने की तैयारी की जा रही है। पर्यटन विभाग ने परिसर में साफ-सफाई की समस्या, शौचालयों के संचालन में आ रही दिक्कतों और लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को देखते हुए यह कदम उठाया है। इस संबंध में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की सहमति के बाद क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ने नगर आयुक्त को पत्र भेजा है।
महर्षि भारद्वाज आश्रम को धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के प्रमुख स्थलों में गिना जाता है। महाकुम्भ-2025 के दौरान यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग की राज्य योजना के तहत कॉरिडोर का विकास कराया गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद 31 दिसंबर 2024 को इसकी देखरेख की जिम्मेदारी जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, प्रयागराज को सौंप दी गई थी।
हालांकि, समय बीतने के साथ परिसर की व्यवस्थाओं को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता गया। आश्रम में कोई पंजीकृत मंदिर समिति नहीं होने के कारण नियमित सफाई, शौचालयों के संचालन और नवनिर्मित सुविधाओं के रखरखाव की व्यवस्था प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रही है। इसके अलावा परिसर में अवैध दुकानों का संचालन शुरू होने और अतिक्रमण बढ़ने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इससे कॉरिडोर की मूल व्यवस्था और स्वच्छता प्रभावित होने की आशंका है।
नगर निगम को हस्तांतरण के लिए भेजा गया पत्र
इन समस्याओं के समाधान के लिए जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सदस्यों और परिषद के अध्यक्ष जिलाधिकारी की सहमति से कॉरिडोर को नगर निगम के हवाले करने की पहल की गई है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने तीन नवंबर को नगर आयुक्त साईं तेजा को पत्र भेजकर हस्तांतरण की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि पर्यटन विभाग के महानिदेशक, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भी भेजी गई है।
रखरखाव के लिए मांगे गए जरूरी दस्तावेज
इस मामले को लेकर कर्नलगंज के पार्षद आनंद घिल्डियाल ने मंगलवार को नगर आयुक्त से मुलाकात की। इस दौरान आश्रम परिसर की मौजूदा स्थिति और उसके रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम को दिए जाने के संबंध में चर्चा हुई। पार्षद के मुताबिक, नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी से कॉरिडोर से जुड़े जरूरी दस्तावेज और रखरखाव संबंधी जानकारी मांगी है। इसके साथ ही परिसर के रखरखाव पर आने वाले खर्च की राशि का विवरण भी मांगा गया है।

आनंद घिल्डियाल
बेहतर व्यवस्था की उम्मीद
नगर निगम को जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद आश्रम परिसर में नियमित सफाई, शौचालयों के संचालन और अन्य नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है। साथ ही अवैध दुकानों और अतिक्रमण पर नियंत्रण की दिशा में भी कार्रवाई की उम्मीद है। हालांकि, इसके लिए हस्तांतरण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होना और रखरखाव की जिम्मेदारियां स्पष्ट होना जरूरी है।

नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
आजम की रिहाई पर ED का अड़ंगा, सुप्रीम कोर्ट पहुंची जांच एजेंसी
दंगाइयों पर योगी का बड़ा बयान, फिर दिया ‘बंटोगे तो कटोगे’ नारा
पंत और गिल के बीच 3000 रन बनाने की जंग, न्यूजीलैंड में बनेगा नया इतिहास
