Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार ताकतवर होता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 18 नवंबर को यह गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है, जबकि 19 नवंबर की शाम तक इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। तूफान के 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है।
इस दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। तटीय इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, ओडिशा सरकार ने संवेदनशील इलाकों से दो लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है।
20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकरा सकता है तूफान
IMD की 18 नवंबर को सुबह 5:30 बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से में मौजूद था। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, इसकी तीव्रता लगातार बढ़ रही है। 19 नवंबर की शाम तक इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।
हालांकि, तट के करीब पहुंचने से पहले इसकी ताकत में कुछ कमी आ सकती है। IMD के मुताबिक, तूफान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश-यानम तट को पार कर सकता है। इस दौरान 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

चेन्नई से 580 किलोमीटर दूर है अकवान
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह 5:30 बजे चक्रवाती तूफान चेन्नई से करीब 580 किलोमीटर पूर्व में स्थित था। यह मछलीपट्टनम से 610 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 610 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और गोपालपुर से लगभग 730 किलोमीटर दक्षिण में था। तूफान के प्रभाव से समुद्र की स्थिति बेहद खराब से लेकर असाधारण रूप से उग्र हो सकती है। इसे देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने और समुद्र में मौजूद लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित तट पर लौटने की सलाह दी गई है।
मछुआरों के लिए हाई अलर्ट, नौकाएं बंदरगाहों पर खड़ी
चक्रवात के खतरे को देखते हुए तमिलनाडु के मत्स्य विभाग ने मछुआरों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। विभाग ने साफ निर्देश दिया है कि अगले आदेश तक कोई भी मछुआरा समुद्र में न जाए। तूतीकोरिन समेत कई तटीय इलाकों में मछली पकड़ने वाली नौकाओं को सुरक्षित बंदरगाहों पर खड़ा कर दिया गया है। IMD ने ओडिशा तट के आसपास और उससे दूर समुद्र में मछुआरों को 18 से 20 नवंबर तक मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव टीमों को भी तैयार रखा है।
ये भी पढें
दंगाइयों पर योगी का बड़ा बयान, फिर दिया ‘बंटोगे तो कटोगे’ नारा
ओडिशा में दो लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकालने की तैयारी
चक्रवात अकवान के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव की तैयारी की है। राज्य के संवेदनशील इलाकों से दो लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना बनाई गई है। खास तौर पर पहाड़ी इलाकों, भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों और नदी किनारे बसी बस्तियों पर नजर रखी जा रही है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
मंत्री ने बताया कि राज्य में बाढ़ और चक्रवात से निपटने की व्यवस्था पहले से है, लेकिन भूस्खलन एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। पिछले महीने आए चक्रवात ‘अर्नब’ के दौरान 11 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें से 10 की जान भूस्खलन के कारण गई थी। इसी अनुभव को देखते हुए पहाड़ी ढलानों और ऊंचाई पर बसे गांवों से लोगों को पहले ही हटाने की तैयारी की जा रही है।
ओडिशा के इन छह जिलों में भूस्खलन का सबसे ज्यादा खतरा
अधिकारियों के मुताबिक, ओडिशा के छह जिलों को भूस्खलन की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना गया है। इनमें गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट शामिल हैं। रायगढ़ा जिला प्रशासन ने भूस्खलन की आशंका वाले करीब 55 गांवों की पहचान की है। जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष कुलकर्णी के मुताबिक, इन गांवों में रहने वाले लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना बनाई गई है। नदी किनारे बसे इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है, क्योंकि भारी बारिश होने पर यहां बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है।

बांधों से छोड़ा जा रहा पानी, बाढ़ से निपटने की तैयारी
रायगढ़ा जिले में हरभंगी और बदनल्ला बांध परियोजनाओं से पानी छोड़ना शुरू कर दिया गया है। इसका उद्देश्य जलाशयों का जलस्तर कम करके उनमें अतिरिक्त बारिश का पानी जमा करने की जगह बनाना है। प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल तत्काल बाढ़ का खतरा नहीं है। हालांकि, अत्यधिक बारिश की स्थिति में बांध कुछ घंटों तक अतिरिक्त पानी रोक सकेंगे। इससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।

1,902 संवेदनशील स्थानों की पहचान, 3,329 राहत केंद्र तैयार
ओडिशा सरकार ने आठ जिलों के 87 ब्लॉकों में कुल 1,902 संवेदनशील स्थानों की पहचान की है। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक, इन इलाकों से 2,04,070 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की जरूरत पड़ सकती है। इनमें सबसे ज्यादा 1,21,597 लोग गंजाम जिले के हैं। प्रशासन ने इन आठ जिलों में 3,329 चक्रवात राहत केंद्रों की पहचान की है। इनमें गंजाम में 1,139, पुरी में 549, गजपति में 518 और कोरापुट में 513 केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा, प्रभावित हो सकने वाले इलाकों में 2,573 गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई है। इनमें से 100 से ज्यादा महिलाओं को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
राहत और बचाव के लिए 74 टीमें तैनात
आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी के मुताबिक, चक्रवात से निपटने के लिए कुल 74 राहत एवं बचाव टीमें तैयार रखी गई हैं। इनमें ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) की 60 और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 14 टीमें शामिल हैं। इनमें से ODRAF की 42 और NDRF की 11 टीमें अलग-अलग जिलों में तैनात कर दी गई हैं। बाकी 18 ODRAF और तीन NDRF टीमों को रिजर्व में रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत प्रभावित इलाकों में भेजा जा सके।
ये भी पढें
आजम की रिहाई पर ED का अड़ंगा, सुप्रीम कोर्ट पहुंची जांच एजेंसी
मोबाइल नेटवर्क और रेलवे को लेकर भी अलर्ट
चक्रवात के दौरान संचार व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए ओडिशा सरकार ने विशेष इंतजाम किए हैं। कमजोर मोबाइल नेटवर्क वाले इलाकों में ‘सेल-ऑन-व्हील्स’ इकाइयां तैनात करने की तैयारी है। इसके साथ ही बैकअप बिजली और कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलों को 17 सैटेलाइट फोन भी उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, रेलवे को संवेदनशील पटरियों, पुलों और स्टेशनों की जांच करने को कहा गया है। मौसम बिगड़ने की स्थिति में ट्रेनों का संचालन नियंत्रित करने, रूट बदलने या जरूरत पड़ने पर सेवाएं रद्द करने की तैयारी की जा रही है।

19 और 20 नवंबर को ओडिशा में बढ़ेगी बारिश की तीव्रता
IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक, ओडिशा में तेज हवाओं के मुकाबले बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। राज्य में 18 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि 19 और 20 नवंबर को बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, समुद्र और नदी के किनारे जाने से बचने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
आजम की रिहाई पर ED का अड़ंगा, सुप्रीम कोर्ट पहुंची जांच एजेंसी
पंत और गिल के बीच 3000 रन बनाने की जंग, न्यूजीलैंड में बनेगा नया इतिहास
दंगाइयों पर योगी का बड़ा बयान, फिर दिया ‘बंटोगे तो कटोगे’ नारा
