Rishabh Pant: भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार से वेलिंगटन में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। T20 और वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम अब टेस्ट फॉर्मेट में भी जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहेगी। हालांकि, न्यूजीलैंड की तेज और हवादार परिस्थितियों में टीम इंडिया के बल्लेबाजों की असली परीक्षा होने वाली है। इस सीरीज में भारतीय कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम के सामने जीत दर्ज करने की बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को अहम मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
इस सीरीज में भारतीय टीम के दो स्टार खिलाड़ी ऋषभ पंत और शुभमन गिल के पास व्यक्तिगत इतिहास रचने का शानदार मौका है। दोनों बल्लेबाज WTC इतिहास में 3,000 रन पूरे करने की दहलीज पर खड़े हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों में से जो खिलाड़ी पहले यह आंकड़ा छुएगा, वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 3,000 रन बनाने वाला पहला भारतीय बल्लेबाज बन जाएगा।
ऋषभ पंत को चाहिए सिर्फ 52 रन, गिल 83 रन दूर
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत इस उपलब्धि को हासिल करने के सबसे करीब हैं। उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक 42 टेस्ट मैचों की 2948 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 42.11 का रहा है। पंत को WTC में अपने 3,000 रन पूरे करने के लिए महज 52 रनों की जरूरत है। वहीं, भारतीय कप्तान शुभमन गिल भी इस खास उपलब्धि से ज्यादा दूर नहीं हैं। गिल ने अब तक WTC में 42 टेस्ट मैचों में 42.27 के औसत से 2917 रन बनाए हैं। उन्हें 3,000 रन का आंकड़ा छूने के लिए 83 रन बनाने होंगे।
ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में दोनों खिलाड़ियों के बीच एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। अगर पंत और गिल में से कोई भी यह उपलब्धि हासिल करता है, तो वह WTC इतिहास में 3,000 रन बनाने वाला पहला भारतीय खिलाड़ी बन जाएगा। गौरतलब है कि ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत साल 2019 में हुई थी। इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट के नाम है। रूट अब तक 80 मैचों में 6815 रन बना चुके हैं।
चोट से उबरकर न्यूजीलैंड पहुंचे ऋषभ पंत
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए ऋषभ पंत की फिटनेस भी बड़ी चर्चा का विषय रही है। 29 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज साइड स्ट्रेन की समस्या से जूझ रहे थे। इसके चलते उनकी उपलब्धता को लेकर कई हफ्तों तक अनिश्चितता बनी हुई थी। हालांकि, बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद पंत को फिटनेस की मंजूरी मिल गई।
ये भी पढें
Gold Price Today: सोने में ₹2,750 और चांदी में ₹5,700 की भारी गिरावट
इसके बाद वह न्यूजीलैंड पहुंच गए हैं। पंत ने साल 2018 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक वह 52 टेस्ट मैचों में 3725 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से आठ शतक और 21 अर्धशतक निकले हैं। पंत ने दुनिया के कई मुश्किल मैदानों पर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है और भारतीय टेस्ट टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं।
शुभमन गिल ने किया पंत का समर्थन
टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ऋषभ पंत की फिटनेस और टीम में उनकी अहमियत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने पंत का समर्थन करते हुए कहा, ”ऋषभ पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने 50 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने दुनिया भर में रन बनाए हैं। वह विकेटकीपर हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में शतक बनाया है।” गिल के इस बयान से साफ है कि भारतीय टीम को पंत की क्षमता पर पूरा भरोसा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पंत अपनी वापसी को कितनी यादगार बनाते हैं और क्या वह गिल से पहले WTC में 3,000 रन पूरे कर पाते हैं।
WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 एशियाई बल्लेबाज
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियाई बल्लेबाजों की सूची में पाकिस्तान के बाबर आजम पहले स्थान पर हैं। वहीं, ऋषभ पंत और शुभमन गिल भी इस सूची में शामिल हैं।
बाबर आजम (पाकिस्तान): 3626 रन
धनंजय डी सिल्वा (श्रीलंका): 2975 रन
ऋषभ पंत (भारत): 2948 रन
शुभमन गिल (भारत): 2917 रन
रोहित शर्मा (भारत): 2716 रन
अब सभी की निगाहें भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज पर टिकी हैं। एक तरफ टीम इंडिया की नजर सीरीज जीतकर WTC फाइनल की उम्मीदों को मजबूत करने पर होगी, तो दूसरी तरफ ऋषभ पंत और शुभमन गिल के बीच 3,000 रन का आंकड़ा सबसे पहले छूने की दिलचस्प जंग देखने को मिलेगी।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
Gold Price Today: सोने में ₹2,750 और चांदी में ₹5,700 की भारी गिरावट
अंबेडकरनगर: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात असलहा तस्कर वाहिद अंसारी ढेर
छठ के बाद यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए रेलवे अलर्ट
इन राशियों की चमकेगी किस्मत, कारोबार में होगा लाभ
