Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत के साथ ही बाजारों में पूजा से जुड़ी जरूरी चीजों की मांग बढ़ गई है। छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा में लौकी की सब्जी का विशेष महत्व होता है। इसी वजह से इस बार लौकी की कीमतों में अचानक उछाल देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कप्तानगंज में लौकी का खुदरा भाव 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। हैरानी की बात यह है कि मुंबई जैसे बड़े शहर में यही लौकी इससे काफी कम कीमत पर मिल रही है।
कुशीनगर में 200 रुपये किलो बिक रही लौकी
छठ पूजा को लेकर बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है। नहाय-खाय के दिन व्रती लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल ग्रहण करते हैं। ऐसे में लौकी की मांग बढ़ने से इसके दाम में तेजी आ गई है। कुशीनगर के कप्तानगंज सब्जी मंडी में लौकी की कीमत 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं, यहां थोक बाजार में भी लौकी 120 से 160 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
स्थानीय लोगों के लिए त्योहार के मौके पर इतनी महंगी लौकी खरीदना किसी झटके से कम नहीं है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले तक इसी इलाके में लौकी सामान्य कीमत पर उपलब्ध थी। अचानक बढ़े भाव ने लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।
मुंबई में 50 से 60 रुपये किलो है कीमत
लौकी की कीमतों में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला अंतर मुंबई और कुशीनगर के बाजारों में देखने को मिल रहा है। मुंबई में फुटकर बाजार में लौकी 50 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है। यानी कुशीनगर के मुकाबले मुंबई में लौकी करीब चार गुना सस्ती है।
मुंबई में सब्जी की दुकान चलाने वाले कुशीनगर निवासी दीनानाथ रस्तोगी के मुताबिक, वहां गोल लौकी थोक में करीब 38 रुपये और लंबी लौकी 28 रुपये प्रति किलो मिल रही है। इससे साफ है कि अलग-अलग शहरों में मांग और आपूर्ति के हिसाब से सब्जियों के दाम में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
वाराणसी से पटना तक बढ़े लौकी के भाव
लौकी की महंगाई का असर दूसरे शहरों में भी दिखाई दे रहा है। वाराणसी में लौकी की कीमत एक दिन में 40 रुपये से बढ़कर करीब 100 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। बिहार के मधेपुरा में लौकी 60 रुपये किलो बिक रही है।
वहीं, पटना में कीमतें और भी ज्यादा हैं। बोरिंग रोड इलाके में लौकी 100 से 120 रुपये प्रति पीस मिल रही है, जबकि शहर के आसपास इसका भाव 80 से 90 रुपये प्रति पीस बताया जा रहा है। पटना के राजा बाजार में एक लौकी की कीमत 150 रुपये तक पहुंच गई है।
दो दिन में बदल गए बाजार के भाव
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दो दिन पहले दिल्ली की आजादपुर मंडी में लौकी 20 से 30 रुपये प्रति किलो बिक रही थी। कुशीनगर, गोरखपुर और देवरिया के बाजारों में भी कीमतें लगभग इसी स्तर पर थीं। लेकिन छठ पूजा की मांग बढ़ते ही कई जगहों पर भाव तेजी से ऊपर चले गए।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
बच्चों में निमोनिया क्यों बनता है गंभीर बीमारी? जानें कारण, लक्षण और बचाव के उपाय
ज़रूरी सूचना – इस मासूम को उसके माता-पिता तक पहुंचाएं
छठी मैया को क्यों कहा जाता है मां दुर्गा का स्वरूप? जानें भगवान कार्तिकेय से जुड़ी पौराणिक कथा
