
Rain यूपी समेत कई राज्यों में अलर्ट, पुल डूबे, स्कूल बंद
नई दिल्ली। समुद्र में बना चक्रवात अर्नब का कहर तटों पर बसे राज्यों में देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों को प्रभावित करने के बाद अब अंदरूनी हिस्सों की ओर बढ़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक सिस्टम ने 23-24 सितंबर की रात आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम के दक्षिण-पश्चिम के पास तट को पार किया। इस दौरान 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और झोंकों की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।
ये भी पढें
खबरों के मुताबिक ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ओडिशा के कई जिलों में स्कूल बंद किए गए और प्रशासन ने निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए। दक्षिण ओडिशा के कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी। खबरिया चैनलों के मुताबिक मलकानगिरी समेत दक्षिण ओडिशा के इलाकों में भारी बारिश का असर दिखाई दिया। कई मार्गों पर पानी भरने और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में राहत और बचाव दलों को तैयार रखा। चिलिका क्षेत्र में भी मौसम खराब रहने के कारण समुद्री गतिविधियों पर रोक और एहतियाती कदम उठाए गए। IMD के 25 सितंबर के अपडेट के मुताबिक ओडिशा में आज बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है, जबकि 26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम में सुधार की उम्मीद है।
आंध्र प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का असर
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी डीप डिप्रेशन का असर देखने को मिला। कलिंगपट्टनम के पास तट पार करने के बाद सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा और धीरे-धीरे कमजोर होने लगा। तटीय आंध्र प्रदेश में 25 सितंबर को भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी है।
ये भी पढें
यूपी में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
डीप डिप्रेशन के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में भी मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। पूर्वी और दक्षिणी यूपी के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। पूर्वी यूपी में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम प्रणाली का प्रभाव मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों और अन्य कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। वहीं मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक डीप डिप्रेशन अब कमजोर हो रहा है, लेकिन इसके अवशेषों के कारण मध्य भारत और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews


One thought on “अर्नब चक्रवात ने ढाया कहर, ओडिशा-आंध्र में बारिश बनी आफ़त”
Comments are closed.