
Ayodhya : उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में एक संदिग्ध पर्चा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। एक्स-रे विभाग की एक दराज से मिले इस दस्तावेज में कथित तौर पर बम बनाने से जुड़ी जानकारी और एक संदिग्ध लेआउट बना होने की बात सामने आई है। मामले की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गईं।
एक्स-रे विभाग की दराज में मिला संदिग्ध पर्चा
जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे सामने आई। एक्स-रे विभाग के इंचार्ज जब अपनी ड्यूटी के लिए पहुंचे और एक दराज खोली तो उसमें एक कागज मिला। इस कागज पर कथित तौर पर बम बनाने की विधि से जुड़ी जानकारी लिखी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक्स-रे विभाग के इंचार्ज ने तुरंत इसकी जानकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अरविंद सिंह को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, तीन लोग हिरासत में
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और संदिग्ध दस्तावेज को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तीन लोगों से पूछताछ शुरू की है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि शुक्रवार रात एक्स-रे विभाग में फर्स्ट ईयर के एक छात्र की ड्यूटी थी। पुलिस ने छात्र सरफराज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस ने अस्पताल परिसर से अभिषेक नाम के एक युवक को भी हिरासत में लिया है, जबकि संतोष नाम के व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन लोगों की इस मामले में कोई भूमिका है या नहीं।
रात की ड्यूटी को लेकर जांच तेज
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि संदिग्ध पर्चा किसने तैयार किया और इसे एक्स-रे विभाग की दराज में कैसे रखा गया। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह किसी गंभीर साजिश का हिस्सा है या फिर किसी ने शरारत के उद्देश्य से ऐसा किया। जांच एजेंसियां दस्तावेज की सत्यता और उसमें लिखी गई जानकारी की भी पड़ताल कर रही हैं।
कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को दिया पूरा सहयोग
मेडिकल कॉलेज के CMS डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि जैसे ही प्रबंधन को संदिग्ध पर्चे की जानकारी मिली, तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन जांच में पुलिस का पूरा सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले के हर पहलू की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे किसी बड़ी साजिश का हाथ है या यह सिर्फ एक शरारती हरकत थी।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
खबरों में अपडेट रहना हमारी आदत है और सबसे आगे रहना मेरा जुनून। अब नया लुक ऐप भी ले आया है। आप सभी से अनुरोध है कि आप इसे अपना प्यार, दुलार और आशीर्वाद दें। आप सभी से निवेदन है कि मेरा न्यूज ऐप अपने अपने फोन में इंस्टॉल कर लीजिए। मैं आप सभी का आभारी रहूंगा…। https://play।google।com/store/apps/details?id=com।app।nayalooknews
ये भी पढें
जानें कौन हैं अमर मणि त्रिपाठी और अमन मणि त्रिपाठी?
लॉक अप 2 में वरुण यादव की लगी क्लास, हुमा और फराह की फटकार के बाद हुए इमोशन
अजीत डोभाल को मिला लोकमान्य तिलक पुरस्कार, अमित शाह बोले-राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान अतुलनीय
मैच के बाद जेमिमा रोड्रिग्स और फातिमा सना की ‘प्यार की झप्पी’ ने जीता दिल


2 thoughts on “अयोध्या मेडिकल कॉलेज में बम बनाने की कथित जानकारी वाला पर्चा मिलने से हड़कंप, तीन लोग हिरासत में”
Comments are closed.