- श्रीमद्भागवत कथा में आज होगा श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
लखनऊ। इक्यावन शक्तिपीठ मन्दिर प्रांगण में मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा में कथा व्यास द्वारा भक्तों को भक्ति, वैराग्य एवं ज्ञान का गूढ़ संदेश प्रदान किया गया। आज का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। बुधवार को श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव होगा। कथावाचक कौशिक चैतन्य महाराज ने सुधी श्रोताओं को समझाया कि श्रीमद्भागवत केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य मार्गदर्शक है।
तृतीय स्कंध की कथाओं के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि अहंकार का त्याग, ईश्वर में अटूट विश्वास और सत्कर्म ही मानव जीवन की सार्थकता है। महराज ने कहा कि सृष्टि की उत्पत्ति, भगवान विष्णु के अवतारों की महिमा, भक्त प्रह्लाद, ध्रुव चरित्र तथा कपिल मुनि द्वारा माता देवहूति को दिए गए सांख्य योग के उपदेशों का अत्यंत सरल एवं भावपूर्ण वर्णन किया गया। इक्यावन शक्तिपीठ परिसर में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। भक्तों ने भजन-कीर्तन, नाम-स्मरण एवं आरती में भाव-विभोर होकर सहभागिता की।
