• क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार
लखनऊ। शादी के लिए हामी न मिलने पर एक सनकी आशिक ने बदले की आग में कानून और इंसानियत दोनों की सीमाएं लांघ दीं। मेट्रिमोनियल साइट के जरिए संपर्क में आई युवती से विवाह से इनकार होते ही आरोपी इंजीनियर युवक ने उसकी तस्वीरों को मॉर्फ कर न्यूड बना डाला और उन्हें मोहल्ले, रिश्तेदारों व परिचितों तक डाक के जरिए भेजना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, बदनाम करने की नीयत से आरोपी ने युवती के घर के आसपास अश्लील तस्वीरों वाले पोस्टर भी चिपकाए।
कुंडली नहीं मिली तो रची खौफनाक साजिश
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान एक इंजीनियर युवक के रूप में हुई है, जिसने मेट्रिमोनियल साइट पर युवती से संपर्क किया था। बातचीत आगे बढ़ी और शादी की बात चली, लेकिन कुंडली न मिलने पर युवती के परिजनों ने रिश्ते से इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर युवक ने बदला लेने की खतरनाक योजना बना डाली।
धारावाहिक देखकर सीखा फोटो मॉर्फ करनाआरोपी अपराध से जुड़े टीवी धारावाहिक देखकर फोटो एडिटिंग के तरीके सीखता रहा। इसके बाद उसने युवती की सामान्य तस्वीरों को अश्लील रूप में बदलकर न्यूड फोटो तैयार किए और उन्हें अलग-अलग जिलों के डाकघरों से भेजना शुरू कर दिया, ताकि कोई उस तक पहुंच न सके।
सात महीने तक चली मानसिक प्रताड़ना
यह सिलसिला जुलाई 2025 से जनवरी 2026 तक लगातार चलता रहा। इस दौरान आरोपी ने कुल सात बार युवती के रिश्तेदारों और पड़ोसियों को अश्लील तस्वीरें भेजीं। पीड़ित परिवार लगातार डर, शर्म और मानसिक तनाव से गुजरता रहा, बावजूद इसके आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी हर बार मास्क और टोपी पहनकर निकलता था। वह एक ही रास्ते से नहीं जाता, बल्कि 2-3 बसें बदलकर अलग-अलग शहरों के डाकघरों-उज्जैन, देवास, खांतेगांव, आष्टा और धार से फोटो पोस्ट करता था।
गाजियाबाद: ऑनलाइन गेमिंग बना खतरनाक, तीन बहनों ने बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से कूदकर दी जान
तकनीकी जांच से फंसा आरोपी
लगातार शिकायतों के बाद क्राइम ब्रांच ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। तकनीकी सर्विलांस और डाकघरों की जानकारी के आधार पर आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ आईटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह घटना न सिर्फ डिजिटल अपराध की भयावहता को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि रिश्तों में अस्वीकृति को स्वीकार न कर पाने की मानसिकता किस हद तक खतरनाक रूप ले सकती है।
