कॉमेडियन से अभिनेता बने कपिल शर्मा ने 12 दिसंबर 2025 को अपनी चर्चित फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ के सीक्वल ‘किस किसको प्यार करूं 2’ के साथ बड़े पर्दे पर वापसी की। यह फिल्म 2015 में आई सुपरहिट रोमांटिक कॉमेडी का अगला भाग थी, जिससे दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं भी मिलीं, लेकिन इसके बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।
फिल्म के कमजोर कारोबार की सबसे बड़ी वजह सीमित स्क्रीन उपलब्धता रही। उसी समय रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की बिग बजट फिल्म ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में छाई हुई थी, जिसने मल्टीप्लेक्स की अधिकतर स्क्रीन पर कब्जा कर लिया। इसका सीधा असर कपिल शर्मा की फिल्म पर पड़ा और दर्शकों तक इसकी पहुंच सीमित रह गई। बॉक्स ऑफिस आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘किस किसको प्यार करूं 2’ ने पहले दिन 1.85 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में 35 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई और इसने 2.5 करोड़ रुपये जुटाए। तीसरे दिन फिल्म ने 2.9 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हालांकि, पहले सोमवार को फिल्म की कमाई में करीब 69 प्रतिशत की भारी गिरावट आई और यह 0.9 करोड़ रुपये पर सिमट गई। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, दूसरे सोमवार तक फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 11.9 करोड़ रुपये रहा।
वहीं दूसरी ओर, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन किया। 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई इस फिल्म ने 28 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली और महज 23 दिनों में 668 करोड़ रुपये की कमाई कर ली। ऐसे में साफ है कि बड़े स्तर की रिलीज और स्क्रीन डॉमिनेशन ने ‘किस किसको प्यार करूं 2’ की रफ्तार को रोक दिया। अब फिल्म के निर्माताओं ने दर्शकों की मांग और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए इसे जनवरी 2026 में दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया है। एक प्रेस विज्ञप्ति में निर्माता रतन जैन ने कहा कि फिल्म ने सीमित स्क्रीन के बावजूद दर्शकों को भरपूर मनोरंजन दिया और फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को बनाए रखा।
फिल्म का निर्देशन और लेखन अनुकल्प गोस्वामी ने किया है। इसमें कपिल शर्मा के साथ आयशा खान, त्रिधा चौधरी, वारिना हुसैन और पारुल गुलाटी अहम भूमिकाओं में नजर आती हैं। ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का निर्माण वीनस वर्ल्डवाइड एंटरटेनमेंट और अब्बास-मस्तान फिल्म्स प्रोडक्शन ने किया है। जनवरी 2026 की री-रिलीज से मेकर्स को बेहतर बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की उम्मीद है।
