पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के 55 स्कूलों को शिक्षा विभाग ने गुलदार के डर से बंद करने का आदेश दिया है। इन क्षेत्रों में स्कूलों बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा पैदा हो गया है। यहां गुलदार-भालू के हमलों की संख्या बढ़ती जा रही है। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में इन दिनों गुलदार का ऐसा खौफ फैला हुआ है कि 55 स्कूलों को बंद करने के साथ ही अब इन सभी स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई कराना मजबूरी बन गई है।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार और भालू आतंक का पर्याय बने हुए हैं। पौड़ी से सटे चवथ ग्राम सभा में गुलदार ने एक युवक को मार डाला था। इसके बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्वाली के पास गुलदार की सक्रियता को देखते हुए शिक्षा विभाग भी अलर्ट हो गया और क्षेत्र के 55 स्कूलों को मंगलवार तक बंद रखने के आदेश दिए गए।
जिले के संकुल बाडा, चरधार और ढांढरी के ग्रामीण क्षेत्र के सभी स्कूल मंगलवार तक बंद रहेंगे। उप शिक्षा अधिकारी आनंद के मुताबिक बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों को मंगलवार तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से जारी रखा जाएगा, जिससे कि बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो।
