- चर्चित IPS आशुतोष पाण्डेय की फर्जी फेसबुक ID से जुड़े तीन हजार लोग
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। IPS अफसरों को ढाल बनाकर ठगी करने वाले जालसाजों ने अब चर्चित IPS पुलिस महानिदेशक टेलीकॉम आशुतोष पाण्डेय के नाम से फेसबुक ID बनाकर जाल फैलाया है। खास बात यह है कि चर्चित IPS आशुतोष पाण्डेय के ट्रेंड रिक्वेस्ट को लगभग तीन हजार लोगों ने एक्सेप्ट कर लिया, इनमें पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों की बड़ी संख्या है।
जालसाजों ने रविवार को वरिष्ठ पत्रकार संजय त्रिपाठी को भी फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। पहले भी कई IPS अधिकारियों की फर्जी फेसबुक ID से ठगी का पर्दाफाश कर चुके संजय त्रिपाठी ने आशुतोष पाण्डेय की फर्जी फेसबुक आईडी को तुरंत ताड़ लिया। उन्होंने गहराई तक जाने के लिए रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली। जालसाज ने तुरंत ही उन्हें मैसेज भेजकर खैर-खबर ली और अगले मैसेज में संजय त्रिपाठी से उनका मोबाइल फोन नंबर मांग लिया। साथ ही संदेश भेजा कि CRPF में उनका मित्र सुमित कुमार है। जिसका बाहर तबादला हो गया है। वह अपना घरेलू सामान तुरंत बेचना चाहता है कृपया उसकी मदद कर दीजिए।
संजय त्रिपाठी ने पहले भी कई IPS अधिकारियों की फर्जी फेसबुक ID से ठगी में फर्जी CRPF अधिकारी सुमित कुमार का नाम इस्तेमाल किए जाने से वाकिफ थे। उन्होंने तुरंत उक्त फेसबुक ID से जुड़े लोगों को अलर्ट किया और आशुतोष पाण्डेय के भी नाम से फर्जी ID बनाकर ठगी किए जाने की जानकारी दी है।
