- छत के रास्ते घुसे बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
- विदेश में नौकरी करते हैं पति, इलाके में सनसनी
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। यूपी में बदमाशों का कहर थम नहीं रहा है। गोरखपुर जिले में बेख़ौफ़ बदमाशों ने एक मकान में धावा बोल दिया और घर में मौजूद महिला की हत्या कर लूटपाट की। घटना बड़हलगंज क्षेत्र की है, जहां बुधवार की सुबह आवाज देने के बावजूद घर का दरवाजा न खुलने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने अंदर झांका तो महिला की लाश पड़ी थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। घटना मंगलवार की रात गोला तहसील क्षेत्र के बड़हलगंज इलाके के ग्रामसभा पोहिला में हुई। यहां शकुंतला देवी (45) अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके पति राकेश साहनी विदेश में नौकरी करते हैं। महिला की इकलौती बेटी की कुछ साल पहले हादसे में मौत हो गई थी। ग्रामीण विनय के अनुसार घटना देर रात की है। रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों ने शकुंतला के घर के अंदर के कुछ आवाजें सुनी थीं। हालांकि उस दौरान किसी को अनहोनी की आशंका नहीं हुई।ञबुधवार की सुबह किसी काम से कुछ पड़ोसी महिला के घर पहुंचे।
ये भी पढ़े
चार बच्चों की मां को हुआ इंस्टाग्राम पर प्यार…आशिक संग हुई फरार
फर्श पर पडी थी लाश, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
ग्रामीणों ने कई बार शकुंतला को आवाज दी लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। इस पर मौके पर अन्य ग्रामीण भी जुट गए। उन्होंने अंदर झांका तो फर्श पर महिला की लाश पड़ी थी। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। बड़हलगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।
घर के अंदर बिखरे पड़े थे सामान
एसएचओ चंद्रभान सिंह ने बताया कि घर की अलमारी खुली हुई थी. घर के अंदर के सामान भी बिखरे पड़े थे। आशंका है कि बदमाश छत के रास्ते अंदर पहुंचे। लूट के विरोध पर महिला की हत्या की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है. मामला बेहद संवेदनशील है।
वारदात में करीबी के शामिल होने की आशंका
वहीं महिला के शरीर पर खरोंच के निशान मिले हैं। घटना में महिला के किसी परिचित के ही शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। वह घर की बनावट और महिला की दिनचर्या से वाकिफ था। पुलिस ने पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े
चार बच्चों की मां को हुआ इंस्टाग्राम पर प्यार…आशिक संग हुई फरार
इलाके में दहशत
वारदात के बाद से गांव के लोग दहशत में हैं। घर में अकेले रहने वाले परिवारों को अपनी सुरक्षा की फिक्र सता रही है। ग्रामीणों के अनुसार राकेश साहनी 5 भाई हैं. सभी विदेश में नौकरी करते हैं। हाल ही में अक्टूबर में शकुंतला के साथ चेन स्नेचिंग की भी घटना हुई थी।
नहीं मिले चोट के निशान
एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
