- टक्कर इतनी तेज थी कि देवर-भाभी की कुचलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत
- गुरुवार पोस्टमार्टम के बाद परिजनों का ग़ुस्सा फूट पड़ा, शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
- आरोपी डंफर चालक की गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने की मांग की
- सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया
- इस दौरान प्रदर्शनकारियों एवं पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई, अधिकारियों के समझाने के बाद नाराज़ प्रदर्शनकारी शांत हुए
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। वजीरगंज क्षेत्र के डालीगंज स्थित पुल के पास बुधवार देर शाम तेज़ रफ़्तार से आ रहे डंफर चालक ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाजाखाना क्षेत्र के पुराना हैदरगंज स्थित जोशी टोला निवासी 25 वर्षीय गगन जोशी व उसकी 32 वर्षीय भाभी रेखा की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस मामले की छानबीन कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं हादसे के बाद चालक डंफर छोड़कर मौके से भाग निकला।
दूसरे दिन यानी गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों का ग़ुस्सा फूट पड़ा और अपने समर्थकों के एकत्र होकर हैदरगंज चौराहे के पास शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग को लेकर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे एसडीएम सिटी एमपी सिंह और पुलिस के आलाधिकारियों ने उन्हें आश्वासन देकर समझा-बुझाकर शांत किया। तब जाकर नाराज प्रदर्शनकारी शांत हुए। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात व्यवस्था बाधित रही।
