- डग्गामार वाहनों के खिलाफ सभी थाना क्षेत्रों में चला चेकिंग अभियान
- काफी दिनों से नासूर बने डग्गामार वाहन शहर छोड़कर भागे
ए अहमद सौदागर
लखनऊ। पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर की सख्ती के बाद राजधानी लखनऊ पुलिस ने काफी दिनों से नासूर बने डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया और इस दौरान अवैध रूप से चल रही कई बसों व टैक्सियों को सीज किया। यह अभियान गुरुवार को भी शहर भर में चला तो डग्गामार वाहनों के चालक अपनी-अपनी बसों एवं टैक्सियों को लेकर फुर्र हो गए।
बुधवार को एसीपी विभूतिखंड विनय द्विवेदी और परिवहन विभाग के अफसरों की मौजूदगी में इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा दल-बल के साथ कमता चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाकर कई डग्गामार वाहनों को सीज किया तथा सम्मन शुल्क भी जमा कराया।
बताया जा रहा है कि काफी दिनों से नासूर बने डग्गामार वाहनों के खिलाफ जैसे ही इंस्पेक्टर चिनहट ने शुरू किया तो सभी थानेदारों की नींद टूट पड़ी और सभी थानेदार पूरी फौज के साथ सड़क पर उतर आए।
जगह-जगह पुलिस फोर्स और परिवहन विभाग के आलाधिकारियों को देखते डग्गामार वाहन चालक अपनी-अपनी बसों व टैक्सियों को लेकर भाग निकले।
हालांकि गौर करें तो यह डग्गामार वाहन आज से नहीं बल्कि सालों से शहर भर में दौड़ रही हैं, लेकिन इन पर शायद पुलिस की नजर नहीं पहुंच पा रही थी। पहुंचती भी क्यों यह तो सभी डग्गामार वाहन… बूते चल रहीं थीं। सवाल यह भी है कि ये डग्गामार वाहन शहर की गलियों में नहीं बल्कि सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर सवारी भरते नजर आ रहे थे। फिलहाल जब जागो तभी सवेरा है।
