‘यादवलैंड’ में आर पार की लड़ाई के मूड में ‘इंडिया’

इटावा। इंडिया समूह का प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी अपने प्रमुख जनाधार वाले केंद्र उत्तर प्रदेश के यादव लैंड में पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक (PDA) फार्मूले के साथ आर पार की लड़ाई के मूड में दिख रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) हिंदुत्व और विकास के एजेंडे के साथ प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत की फिराक में है मगर सपा के प्रभुत्व वाले इटावा,मैनपुरी, एटा, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद और कन्नौज आदि संसदीय सीटों पर उसे तगड़ी टक्कर मिलने की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यादव लैंड समाजवादी पार्टी का प्रमुख आधार स्तंभ है जिस पर 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद BJP की सेंधमारी शुरु हो चुकी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का दावा है कि वह PDA फार्मूले के तहत एनडीए गठबंधन के उम्मीदवारों को पटखनी देंगे। BJP यादव लैंड की इन सीटों पर भगवा फहराने का सपना देखे हुए है। वही दूसरी ओर सपा यादव लैंड की इन सीटों पर PDA फार्मूले के तहत समाजवादी परचम फहराना चाहती है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव दावा करते हैं कि यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटों पर इंडिया गठबंधन के ही उम्मीदवार जीतेंगे मगर उनका यह दावा चुनावी ज्यादा लगता है। ऐसा ही दावा पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और इटावा से BJP सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने भी किया है कि सभी 80 सीटों पर सिर्फ भगवा फरचम फहरेगा। इटावा संसदीय सीट की मोदी राज के प्रभावी होने के साथ ही साल 2014 में अशोक दोहरे के संसद बनने के बाद BJP के खाते में बरकरार बनी हुई है। 2014 के संसदीय चुनाव में अशोक दोहरे ने इस सीट पर जीत हासिल की तो 2019 के संसदीय चुनाव में प्रो.रामशंकर कठेरिया जीत हासिल कर चुके है।

2024 के संसदीय चुनाव के लिए BJP ने एक बार फिर से प्रो. कठेरिया को इटावा संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतारा है जबकि सपा ने अभी तक अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। 2009 में समाजवादी पार्टी से प्रेमदास कठेरिया इटावा संसदीय सीट से निर्वाचित हुए थे। उसके बाद से लगातार BJP का भगवा इटावा संसदीय सीट पर फहरा रहा है। मैनपुरी संसदीय सीट भी इटावा की ही तरह समाजवादी पार्टी के लिए प्रमुख आधार स्तंभ की श्रेणी में मानी जाती है। लेकिन इस सीट पर मोदी लहर का कोई असर होता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है, बेशक यादव लैंड की अन्य सीटों पर भगवा फहरा रहा हो लेकिन सपा के इस किले को मोदी राज में भी हिलाया नही जा सका है।

समाजवादी संस्थापक मुलायम सिंह यादव की निधन के बाद हुए मैनपुरी में हुये उपचुनाव में बहू डिंपल यादव को चुनाव मैदान में मुलायम ‘नेताजी’ की उत्तराधिकारी के रूप में चुनाव मैदान में उतारा गया था। BJP ने नेताजी के शिष्य कहे जाने वाले इटावा के पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य को डिंपल यादव के मुकाबले चुनाव मैदान में उतारा। BJP की ओर से बड़े जोर-जोर से इस बात के दावे किए गए कि नेताजी के बाद अब मैनपुरी संसदीय सीट पर हर हाल में भगवा फहराएगा लेकिन जब चुनाव नतीजे सामने आए तो करीब दो लाख 88 हजार के आसपास मतों से डिंपल यादव की जीत के साथ ही BJP का इस सीट पर जीतने का सपना चकनाचूर हो गया।  मैनपुरी संसदीय सीट पर आज तक BJP जीत हासिल नहीं कर पाई है हालांकि पार्टी निरंतर अपने जनमत में इजाफा करते हुए जरूर देखी जा रही है। फिलहाल मैनपुरी सरस्वती सीट के चुनाव के लिए BJP अभी तक अपना कोई उम्मीदवार घोषित नहीं कर रखी है जिसका हर किसी को इंतजार है।

यादव लैंड की फिरोजाबाद संसदीय सीट भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है । 2014 के मोदी लहर में हुए चुनाव में फिरोजाबाद संसदीय सीट से सपा से प्रो.रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव चुनाव मैदान में विजयी हुए लेकिन 2019 के संसदीय चुनाव में सपा के अक्षय यादव भारतीय जनता पार्टी के चंद्रसेन यादव उनके मुकाबले पराजित हो गए। अक्षय यादव की पराजय के पीछे ऐसा कहा गया है कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के उम्मीदवार के रूप में शिवपाल सिंह यादव के चुनाव मैदान में उतरने से अक्षय की हार हो गई लेकिन शिवपाल की भी जमानत जब्त हो गई। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद शिवपाल सिंह यादव ने अपने भतीजे अक्षय यादव को फिरोजाबाद संसदीय सीट से हर हाल में जीतने का दंभ भर लिया है। करीब छह माह से शिवपाल सिंह यादव फिरोजाबाद संसदीय सीट से भतीजे अक्षय यादव को जीतने के लिए व्यापक पैमाने पर सक्रिय हो चले हैं। अपने भतीजे अक्षय यादव को जीतने के लिए शिवपाल दर्जनों सभाएं कर चुके हैं और यह भी कहने में उन्होंने कोई गुरेज नहीं खाई कि उनकी वजह से ही अक्षय यादव की पराजय हुई है और इस दफा भतीजे को हर हाल में संसद में पहुंचने की बात भी उनकी ओर से लगातार कहीं जा रही है।

फिलहाल अभी तक BJP की ओर से फिरोजाबाद संसदीय सीट पर कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। यादव लैंड से ताल्लुक रखने वाली एटा संसदीय सीट भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लोधी बाहुल्य इस सीट पर लोधियो के अलावा यादव और शाक्य मतदाता भी बेहद अहम जाने जा रहे है। इस सीट से भगवा सेवक कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह राजू को BJP ने एक बार फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है। 2014 के बाद 2019 ओर अब 2024 में एक बार फिर से राजवीर राजू पर ही भरोसा जताया गया है। सपा ने इस सीट से पूर्व मंत्री विनय शाक्य के भाई देवेश शाक्य को उम्मीवार के रूप में चुनाव मैदान में उतार दिया है। इंडिया गठबंधन अपने PDA एजेंडे को कामयाब बनने के लिए ऐसे उम्मीदवार उतारने में जुटी हुई है जिससे एनडीए गठबंधन के उम्मीदवारो को पटखनी दी जाए। इसी कड़ी में एटा से समाजवादी पार्टी की ओर से पिछड़ी जाति से ताल्लुक रखने वाले देवेश शाक्य को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

फर्रुखाबाद संसदीय सीट भी अन्य सीटों के मुकाबले यादव लैंड की महत्वपूर्ण सीटों में से एक मानी जा रही है। इस सीट पर जहां BJP की ओर से मुकेश राजपूत को एक बार फिर से टिकट दिया गया है वही दूसरी ओर सपा ने डॉ. नवल किशोर शाक्य को टिकट दिया है। नवल किशोर शाक्य के बहाने सपा PDA फार्मूले का इस्तेमाल करके इस सीट पर कामयाबी हासिल करने का मंसूबा पाले हुए हैं। BJP के मुकेश राजपूत को 2014 में पहली दफा इस सीट पर चुनाव मैदान में उतर गया था जिसके बाद से उनका लगातार कामयाबी दर कामयाबी हासिल हो रही है। 2019 में भी वह दूसरी बार जीत हासिल कर चुके हैं और अब की दफा 2024 में तीसरी बार जीत के लिए उनका सपना है। सपा साल 2004 में चंद्रभूषण सिंह के जरिए इस सीट पर जीत हासिल कर पाई थी उसके बाद से लगातार सपा इस सीट से पिछड़ती चली जा रही है। समाजवादी जननायक डॉ.राम मनोहर लोहिया की कर्मभूमि माने जाने वाली इस सीट का राजनीतिक तापमान बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। फर्रुखाबाद सीट की तरह ही कन्नौज सीट भी समाजवादी जननायक डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की कर्मभूमि रही है। इस सीट से फिलहाल BJP के सुब्रत पाठक सांसद हैं और दूसरी दफा उनको एक बार फिर से चुनाव मैदान में उतार दिया गया है। सपा ने अभी इस सीट के लिए कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। 2019 के चुनाव में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव सुब्रत पाठक के मुकाबले पराजित हो चुकी है। ऐसी संभावनाएं जताई जा रही है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस सीट से चुनाव लड़ सकते हैं क्योंकि वह ऐसा कई दफा बोल चुके हैं लेकिन अभी जब तक अधिकृत तौर पर उम्मीदवार की घोषणा न की जाए तब तक कुछ भी कहना जल्दबाजी ही माना जाएगा। 2000 में नेता जी मुलायम सिंह यादव ने जब इस सीट को छोड़ा तब उनके बेटे अखिलेश यादव चुनाव मैदान में उतरे उसके बाद साल 2019 तक इस सीट पर समाजवादियों का कब्जा रहा। (वार्ता)

State

द्वारका में आग लगने से एक ही परिवार के चार की मौत

देवभूमि द्वारका। गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले के द्वारका सिटी क्षेत्र में रविवार को एक मकान के एसी मशीन में आग लग गई। इस दौरान दम घुटने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अग्निशमन विभाग के फायर इंचार्ज जितेन्द्रभाई एस […]

Read More
National State

तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के लिये 933 नामांकन पत्र स्वीकार

चेन्नई। तमिलानाडु में आगामी लोक सभा चुनाव के पहले चरण के लिये प्रमुख राजनीति दलों के सभी प्रमुख उम्मीदवारों कुल 933 नामांकन पत्र दाखिल किये। इन नामांकन पत्रों को चुनाव आयोग ने जांच के बाद स्वीकार कर लिये हैं। मीडिया रिपोर्ट ने शुक्रवार को बताया कि नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया गुरुवार सुबह शुरू हुई […]

Read More
State

क्रांतिधरा से मोदी करेंगे यूपी में लोकसभा चुनाव का शंखनाद

मेरठ। मौजूदा लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीट और देश भर में 400 से अधिक सीटें जीतने के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संकल्प को पूरा करने के इरादे से प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 31 मार्च को लगातार तीसरी बार क्रांतिधरा मेरठ से घनी आबादी वाले राज्य में अपने चुनाव प्रचार का आगाज […]

Read More