उमेश तिवारी
नौतनवा/महराजगंज। नौतनवा से पहली बार विधायक चुने गए, ऋषि त्रिपाठी को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रश्न एवं संदर्भ समिति का सदस्य नामित किया है। विधायक को बधाई देने का दौर शुरू हो गया है। ऋषि त्रिपाठी ने नौतनवा विधानसभा के चुनाव में 55 वर्षों बाद भाजपा और निषाद पार्टी गठबंधन के टिकट पर जीत दर्ज किया है।
इससे पहले वर्ष 1967 में रघुराज सिंह जनसंघ के टिकट पर जीते थे। चुनाव के बाद से ही चर्चाओं का बाजार गर्म था कि पांच दशक से भारतीय जनता पार्टी जिस सीट पर जीत नहीं दर्ज करा पाई है, वहां भाजपा निषाद पार्टी गठबंधन से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले विधायक को पार्टी क्या महत्व देगी? विधानसभा समिति में स्थान देने के लिए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।