राजेश जायसवाल
भैरहवा। नेपाल के मुस्तांग जिले में फंसे पर्यटकों की फरियाद पर्यटन मंत्री तक पहुंची तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया और प्राथमिकता के आधार पर फंसे पर्यटकों को रास्ता साफ कराकर उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त किया। पर्यटन मंत्री ने इसके लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से बात कर भूस्खलन से बाधित मार्ग खाली करवाया। मालुम हो कि नेपाल और भारत सहित अन्य देशों के पर्यटक मुक्त नाथ धाम दर्शन को गए थे। एक सप्ताह पूर्व लौटते वक्त रास्ते में दो जगह भारी भूस्खलन से मार्ग अवरूद्ध हो गया और पर्यटक उसमें फंस गए। हालत यह हो गई कि लोगों के पास के पैसे खत्म हो गए। खाने पीने के लाले पड़ गए। स्थानीय प्रशासन लोगों की फरियाद सुनने को तैयार नहीं था।
फंसे हुए पर्यटकों में भैरहवा के व्यवसाई व सामाजिक कार्यकर्ता हरीश सेठिया का परिवार भी था। सेठिया का भारत और नेपाल के पत्रकारों से संबंध है लिहाजा उन्होंने पत्रकार मित्रों से मदद की अपील की। नौतनवा के पत्रकार राजेश जायसवाल बीच राह फंसे पर्यटकों के देवदूत साबित हुए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना काठमांडू पर्यटन मंत्री डिल्ली बहादुर चौधरी को दी। पर्यटन मंत्री ने सूचना का संज्ञान लेते हुए तत्काल मुकामी प्रशासन को मौके पर पंहुच कर पर्यटकों को सकुशल निकालने का आदेश दिया। पर्यटन मंत्री के निर्देश पर मुस्तांग में फंसे सभी पर्यटकों को सकुशल वापस बुला लिया गया। भूस्खलन के वजह से रस्ते में करीब 200 कार 100 मोटरसाइकिल और 5 बस में सवार यात्री फंसे हुए थे। पर्यटक 12 घंटे का सफर कर भैरहवां पहुंचे।