जमानत पर छूट कर आए आरोपियों ने लाठी-डंडे से हमलाकर गंभीर रूप से किया घायल
आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की फूंकी झोपड़ी, गांव पुलिस छावनी में तब्दील
उमेश तिवारी
महराजगंज के कोठीभार थाना क्षेत्र के चनकौली गांव में शुक्रवार की रात 9 बजे दो समुदायों के बीच जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष से चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोग फरार हो गए। दो समुदायों के बीच का मामला होने से कई थानों की पुलिस गांव में पहुंच गई। पुलिस दो लोगों को पकड़कर थाने ले गई। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है। जानकारी के अनुसार, चनकौली गांव के राजेश चौहान (50) और निजामुद्दीन के बीच बीते दिसंबार में मारपीट हो गई थी। उसमें गंभीर रूप से घायल राजेश की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों समेत गांव के लोगों ने सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने तीन लोगों को जेल भेज दिया। 15 दिन पहले तीनों आरोपी मुन्ना, चुन्ना, जलालुद्दीन जेल से जमानत पर छूट कर घर आए।
दो तीन दिन तो कुछ नहीं हुआ, लेकिन इसके बाद मृत राजेश के परिजनों को धमकी देने के साथ ही हमेशा ताना मारना शुरू कर दिया। शुक्रवार को सुबह से ही दोनों पक्षों में नोकझोंक हो रही थी। शाम तक दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दिवंगत राजेश की पत्नी सरजामी, बेटे विवेक, पूरन, बहू सीमा को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया गया। उसके बाद आरोपी फरार हो गये। घटना के बाद गांव में पहुंची पुलिस शांति व्यवस्था बनाने में जुट गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर की दीवार गिरा दी और झोपड़ी फूंक दी। घायलों को सिसवा सीएचसी में भर्ती कराया गया। एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए घुघली, कोठीभार, निचलौल, सिंदुरिया, ठूठीबारी पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात की गई है। उपद्रव करने वालों को खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।