बापू की पूजा से रोशन है मेरा नाम
Kanker: मैं उत्तर बस्तर जिला के नरहरपुर ब्लॉक का कोड़ेगांव-रैय्यत पंचायत हूं… प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े गंगरेल बांध के विशाल डुबान क्षेत्र की गोद में मेरा अस्तित्व बसा है। मेरी सबसे बड़ी और अनूठी पहचान गांधी मंदिर है। मुझे इस बात का गर्व है कि मेरे पंचायत के सटियारा गांव में देश का एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित है और ग्रामीण भगवान की तरह उनकी पूजा करते हैं।
मेरे आंगन में आस्था और देशभक्ति का एक ऐसा अनोखा संगम देखने को मिलता है, जो पूरे देश में दुर्लभ है। इस गांधी मंदिर में ग्रामीण अपने पारंपरिक देवी-देवताओं के साथ महात्मा गांधी की प्रतिमा की भी विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं। साथ ही सटियारा और कोड़ेगांव-रैय्यत क्षेत्र में भगवान शिव और माता के प्राचीन मंदिर भी स्थित हैं, जो हमारी सदियों पुरानी आध्यात्मिक विरासत को संजोए हुए हैं।
जहां महात्मा गांधी के आदर्शों की पूजा होती हो, वहां की मिट्टी में देशभक्ति का जज्बा होना स्वाभाविक है। सरपंच लक्ष्मी सोरी बताती हैं कि डूबान क्षेत्र की चुनौतियों के बीच पले-बढ़े मेरे गांव के युवाओं में देश सेवा की ललक कूट-कूट कर भरी है। आज मेरे गांव के कई युवा भारतीय सेना आर्मी और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल सीएफ में तैनात होकर देश और प्रदेश की सुरक्षा में अपना अहम योगदान दे रहे हैं। चारों ओर घने जंगल और गंगरेल के अथाह जलभराव से घिरे होने के कारण मेरे गांव तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग के साथ-साथ जलमार्ग (नाव/बोट) भी जीवनरेखा की तरह काम करता है। मेरी यही मनमोहक प्राकृतिक छटा आज पर्यटकों को अपनी ओर खींच रही है। जिला प्रशासन द्वारा मेरे क्षेत्र के सटियारा को एक प्रमुख रॉ कैंपिंग और एडवेंचर टूरिज्म साइट के रूप में विकसित किया गया है। सटियारा गंगरेल के डूबान क्षेत्र में जलभराव वाले हिस्से के किनारे गांधी मंदिर स्थित है। व्यू पॉइंट से बांध का विहंगम नजारा दिखता है।
आबादी: 1700
सड़क मार्ग से चारामा, कोड़ेगांव-रैय्यत होते सटियारा। गंगरेल से बोट के जरिए जलमार्ग से भी यहां पहुंच सकते हैं। यह गांव कांकेर की सरहद पर है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
यूपी चुनाव 2027: NDA के सहयोगी दलों ने दिखाई ताकत
28 हजार रुपये में गिरवी रखी 2500 वर्ग मील जमीन
गीडा में 17,650 करोड़ का निवेश, सपा के बूचड़खाना प्रस्ताव पर योगी का निशाना
