Lucknow: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। खासकर NDA के सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर दावेदारी का दौर शुरू हो गया है। आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और निषाद पार्टी के बीच जारी खींचतान के बीच सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मंगलवार को हुई इस मुलाकात में राजभर के दोनों बेटे अरविंद राजभर और अरुण राजभर भी मौजूद रहे। हालांकि, राजभर ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है।
ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ”आज लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर एवं राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता/राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर भी उपस्थित रहे।” राजभर की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर NDA के दो सहयोगी दलों के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है। ऐसे में इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज होना स्वाभाविक है।
अतरौलिया सीट पर क्यों आमने-सामने हैं राजभर और संजय निषाद?
आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट फिलहाल समाजवादी पार्टी के कब्जे में है। यहां से सपा के डॉ. संग्राम यादव विधायक हैं। इस सीट को लेकर सुभासपा और निषाद पार्टी दोनों अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं। सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के बेटे और पार्टी महासचिव अरुण राजभर इस सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं। पिछले कुछ समय से सुभासपा इस क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता भी बढ़ा रही है। इसी बीच निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद ने भी अतरौलिया सीट पर अपना दावा ठोक दिया। उन्होंने कहा कि इस सीट पर निषाद पार्टी का स्वाभाविक अधिकार है।
ये भी पढें
ज्योतिष शास्त्र में सोना, चांदी, तांबा या लोहा किस पाये में हुआ है आपका जन्म
संजय निषाद ने पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि उनकी पार्टी को अतरौलिया में 74,255 वोट मिले थे, जो आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों में सबसे अधिक थे। इतना ही नहीं, निषाद पार्टी ने इस सीट पर संभावित प्रत्याशी के तौर पर इंजीनियर प्रशांत सिंह को आगे बढ़ाते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान भी किया। संजय निषाद ने ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके बिना भी 11 सीटों पर जीत हासिल की थी।
राजभर का पलटवार- किसी की औकात नहीं कि यहां माहौल बना दे
संजय निषाद के दावे पर ओमप्रकाश राजभर ने भी तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि किसी की औकात नहीं है कि वह अतरौलिया में माहौल बना दे। राजभर के मुताबिक, उनकी पार्टी ने इस क्षेत्र में गांव-गांव जाकर मेहनत की है और संगठन को मजबूत किया है। उन्होंने संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पांच साल तक क्षेत्र से लापता रहे, वे अब चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। राजभर ने साफ कहा कि अतरौलिया सीट पर संजय निषाद का कोई मालिकाना हक नहीं है।
सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने यह भी कहा कि इसका फैसला संजय निषाद या वह खुद नहीं करेंगे, बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और NDA के शीर्ष नेतृत्व की ओर से किया जाएगा। फिलहाल अतरौलिया सीट को लेकर NDA के दोनों सहयोगी दलों के बीच दावेदारी और बयानबाजी जारी है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ओमप्रकाश राजभर की मुलाकात ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब देखना होगा कि चुनाव के करीब आने पर NDA नेतृत्व अतरौलिया सीट को लेकर क्या फैसला करता है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
ज्योतिष शास्त्र में सोना, चांदी, तांबा या लोहा किस पाये में हुआ है आपका जन्म
अखिलेश यादव पहले भगवान राम से माफी मांगें, फिर काशी-मथुरा जाएं: ब्रजेश पाठक
तेजी के बाद धड़ाम हुए सोना-चांदी, ₹5,000 तक गिरे दाम
