KL Rahul’s century: भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शानदार शतक जड़कर टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। राहुल ने 136 रनों की बेहतरीन पारी खेली और इसी के साथ एक खास उपलब्धि भी अपने नाम कर ली। वह सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और गौतम गंभीर जैसे दिग्गज भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने सभी SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाया है। इतना ही नहीं, राहुल यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के पहले सलामी बल्लेबाज भी बन गए हैं।
हालांकि, राहुल की यह ऐतिहासिक पारी शुरू होने से पहले ही समाप्त हो सकती थी। दरअसल, न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी की गेंद पर उनके खिलाफ एलबीडब्ल्यू की जोरदार अपील हुई थी, लेकिन कीवी टीम ने रिव्यू नहीं लेने का फैसला किया। बाद में बॉल ट्रैकिंग में सामने आया कि गेंद स्टंप्स पर लग रही थी और राहुल आउट हो सकते थे। इस तरह वह महज पांच रन के स्कोर पर पवेलियन लौटने से बाल-बाल बच गए।
ग्लेन फिलिप्स ने रिव्यू लेने से किया मना
यह घटना भारतीय पारी के सातवें ओवर की है। मैट हेनरी की गेंद केएल राहुल के पैड पर लगी और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने एलबीडब्ल्यू की अपील की। हालांकि, ग्लेन फिलिप्स का मानना था कि गेंद राहुल के बल्ले से लगी है। उन्होंने रिव्यू लेने के लिए कप्तान टॉम लैथम को मना कर दिया। न्यूजीलैंड ने रिव्यू नहीं लिया, लेकिन बाद में रिप्ले में साफ हुआ कि गेंद स्टंप्स पर लग रही थी। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद जब राहुल से पूछा गया कि क्या वह इस फैसले के लिए टॉम लैथम को गले लगाना चाहेंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए ग्लेन फिलिप्स का नाम लिया और मजेदार अंदाज में कहा कि वह मैच के बाद उन्हें ड्रिंक्स पिलाएंगे।

राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहा?
केएल राहुल ने कहा, “नहीं, वह शायद ग्लेन फिलिप्स थे। मैच के बाद उन्हें कुछ ड्रिंक्स पिला देंगे। टॉम लैथम को भी, क्योंकि फैसला तो उन्हीं को लेना था। जब ऐसा हुआ, तो मुझे सच में लगा कि गेंद ऑफ स्टंप की लाइन के बाहर लगी होगी। मुझे ऐसा ही लगा था। लेकिन कुछ फील्डरों को लगा कि गेंद मेरे बल्ले पर लगी है। वे 15 सेकंड शायद मेरी जिंदगी के सबसे धीमे 15 सेकंड थे। मैं बस यही उम्मीद कर रहा था कि सब ग्लेन फिलिप्स की बात मान लें, क्योंकि वह लगातार कह रहे थे कि मैंने गेंद को हिट किया है। इसके लिए जीपी, तुम्हारा शुक्रिया।”
भारत ने हासिल की 118 रनों की बढ़त
मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने चार विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए थे और पहली पारी के आधार पर 118 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। केएल राहुल ने 136 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं, कप्तान शुभमन गिल भी शतक के करीब पहुंच गए थे, लेकिन दिन के 125वें ओवर में जैकब डफी की गेंद पर बोल्ड हो गए। डफी के लिए यह दिन काफी महंगा साबित हुआ और उन्होंने 180 रन खर्च किए। अब भारतीय टीम की कोशिश इस बढ़त को और बड़ा करने की होगी।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
नारी शक्ति और देशभक्ति की अमर मिसाल, झलकारी बाई की जयंती
महानगर में किडनैपर्स गैंग का खुलासा, सिक्योरिटी संचालक सहित चार गिरफ्तार
झारखंड में ‘अकवान’ का कहर! संथाल में भारी बारिश का अलर्ट, किसानों की बढ़ी चिंता
ब्लड रिलेशन में शादी पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब
