Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 278 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। वहीं, शहर के 57 सक्रिय निगरानी केंद्रों में से 25 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। गिरते तापमान और प्रदूषण के बढ़ते स्तर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
दिल्ली में कितना गिरा तापमान?
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा। वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है।
अन्य मौसम केंद्रों की बात करें तो लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। रिज केंद्र में तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अयानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है।

25 निगरानी केंद्रों पर हवा बेहद खराब
तापमान में गिरावट के बीच दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा है। शनिवार को शहर का औसत AQI 278 रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 57 सक्रिय निगरानी केंद्रों में से 25 पर वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) निगरानी केंद्र में सबसे अधिक AQI 369 रिकॉर्ड किया गया। यह बेहद खराब श्रेणी में आता है।

जानें AQI की अलग-अलग श्रेणियां
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक को छह श्रेणियों में बांटा गया है। शून्य से 50 तक AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक और 101 से 200 मध्यम श्रेणी में आता है। वहीं, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी मानी जाती है।

नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
ब्लड रिलेशन में शादी पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब
RBI का बड़ा एक्शन! यूपी के इस बैंक का लाइसेंस रद्द
मां को खोने का दर्द चेहरे पर आया नजर, अंतिम विदाई में भावुक हुए योगी
