- अंग्रेजों से ज्यादा क्रूर हो गई है चिलुआताल थाने की पुलिस
- अमिताभ ठाकुर ने पुलिस के खिलाफ मानवाधिकार आयोग में शिकायत की
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
Gorakhpur: गोरखपुर के चिलुआताल थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा शिवम पांडे को बेरहमी से पीटने, कथित रूप से जूते चटवाने तथा उनकी माता पूनम पांडे के साथ मारपीट किए जाने का अत्यंत गंभीर मामला सामने आया है। शिवम के अनुसार, यह घटना 13 नवंबर 2026 की है। उनके आरोपों के अनुसार, उन्हें थाने के भीतर CCTV निगरानी से बाहर ले जाकर पीटा गया तथा अमानवीय तरीके से अपमानित किया गया। बेटे के साथ कथित दुर्व्यवहार का विरोध करने पर उनकी माता को भी हिंसा का सामना करना पड़ा। आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष एवं पूर्व IAS अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने इस मामले में उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग में शिकायत प्रस्तुत कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ये भी पढें
साथ ही इसकी प्रति अपर मुख्य सचिव गृह तथा DGP को भी भेजी गयी है। शिकायत में आरोपी इंस्पेक्टर सूरज सिंह एवं अन्य संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध FIR, तत्काल निलंबन, CCTV फुटेज एवं अन्य अभिलेखों की सुरक्षा तथा स्वतंत्र आपराधिक जांच की मांग की गई है। पीड़ित की शिकायत एवं चिकित्सकीय अभिलेख आयोग को उपलब्ध कराए गए हैं। अमिताभ ठाकुर ने कहा कि शिवम् ने उनसे बातचीत में ये बातें सत्यापित की है तथा इसके सम्बन्ध में मेडिकल रिपोर्ट भेजे है। उन्होंने कहा कि यदि ये आरोप प्रमाणित होते हैं, तो यह पुलिस शक्ति के दुरुपयोग एवं मानव गरिमा पर असाधारण आघात का मामला है। उन्होंने आयोग से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
