- रैंडी जॉर्ज की बर्खास्तगी तत्काल प्रभाव से, क्रिस्टोफर ला नीव बने नए कार्यवाहक आर्मी चीफ
वॉशिंगटन। ईरान के खिलाफ जारी युद्ध के बीच अमेरिका ने अपने आर्मी चीफ जनरल रैंडी जॉर्ज को पद से हटा दिया है। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने इसी क्रम में दो अन्य टॉप जनरलों-जनरल डेविड होडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन को भी बर्खास्त कर दिया। पेंटागन ने गुरुवार को यह जानकारी दी, लेकिन बर्खास्तगी के कारणों का खुलासा नहीं किया। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल के अनुसार, जनरल रैंडी जॉर्ज “तत्काल प्रभाव से आर्मी के 41वें चीफ ऑफ स्टाफ के पद से हटा दिए गए हैं। जनरल जॉर्ज अगस्त 2023 से इस पद पर थे, जो आमतौर पर चार साल का कार्यकाल होता है। यह नियुक्ति बाइडेन प्रशासन के दौरान हुई थी।
ये भी पढ़ें
ट्रंप के फैसलों पर उठ रहे सवाल
ईरान युद्ध के दौरान आर्मी चीफ की बर्खास्तगी पर ट्रंप प्रशासन के फैसलों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अभी तक कोई स्पष्ट समय-सीमा नहीं बताई गई कि युद्ध कब खत्म होगा। हेगसेथ ने रैंडी जॉर्ज के साथ ही आर्मी जनरल डेविड होडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन को हटाया। यह संवेदनशील नेतृत्व परिवर्तन पेंटागन के एक अधिकारी ने गुमनाम रहते हुए साझा किया।
जनरल क्रिस्टोफर ला नीव बने नए कार्यवाहक आर्मी चीफ
जनरल रैंडी जॉर्ज की बर्खास्तगी के बाद जनरल क्रिस्टोफर ला नीव को कार्यवाहक आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया गया। ला नीव को पिछले साल अक्टूबर में आर्मी के वाइस चीफ ऑफ स्टाफ के पद के लिए ट्रंप ने अचानक नामित किया था। जनरल जॉर्ज वेस्ट पॉइंट मिलिट्री अकादमी के स्नातक हैं और इन्फैंट्री अधिकारी रहे हैं। उन्होंने पहला गल्फ वॉर, इराक और अफगानिस्तान में सेवा दी। 2021-2022 में वे बाइडेन प्रशासन में रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के टॉप मिलिट्री एड भी रह चुके हैं।
बर्खास्तगी का लंबा इतिहास
जनरल जॉर्ज पहले भी फरवरी 2025 में ट्रंप प्रशासन के शुरुआती दौर में बर्खास्तगी के निशाने पर थे, लेकिन बच गए थे। हेगसेथ ने नेवी की टॉप अधिकारी एडमिरल लिसा फ्रांचेटी और एयर फोर्स की वरिष्ठ जनरल जिम स्लाइफ समेत कई शीर्ष कमांडरों को हटाया। जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल चार्ल्स “सीक्यू” ब्राउन जूनियर को भी पद से हटा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद एक दर्जन से अधिक टॉप जनरल और एडमिरल या तो समय से पहले रिटायर हुए या पद से हटा दिए गए।
ये भी पढ़ें
बर्खास्त किए गए अन्य जनरल और उनकी भूमिका
जनरल डेविड होडने: आर्मी ट्रांसफॉर्मेशन एंड ट्रेनिंग कमांड के प्रमुख
मेजर जनरल विलियम ग्रीन: आर्मी के चीफ ऑफ चैप्लेंस
जनरल जेम्स मिंगस: वाइस चीफ ऑफ स्टाफ
हेगसेथ ने हाल ही में चैप्लेन कोर में बड़े सुधारों की घोषणा की थी, और इन बदलावों के बीच यह बर्खास्तगी का निर्णय लिया गया।
