अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार देर रात हुए कथित हवाई हमले ने भारी तबाही मचाई है। अफगान अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में अब तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 250 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अस्पताल को बनाया गया निशाना
अफगान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के मुताबिक, यह हमला काबुल के उस अस्पताल पर हुआ जहां नशा मुक्ति का इलाज किया जाता था। हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने और आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
ये भी पढ़ें
मासिक शिवरात्रि आज: जानिए शुभ मुहूर्त व पूजा विधि और इस व्रत का महत्व
पाकिस्तान ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं पाकिस्तान ने इस हमले में अस्पताल को निशाना बनाने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि उनके हमले केवल आतंकवादी ठिकानों और सैन्य ठिकानों पर केंद्रित थे, न कि किसी नागरिक स्थल पर।
अस्पताल पूरी तरह तबाह, हालात गंभीर
अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया कि अस्पताल लगभग पूरी तरह नष्ट हो चुका है। वहीं सरकारी प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने घटनास्थल के वीडियो साझा किए हैं, जिनमें दमकलकर्मी आग बुझाने और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
सीमा तनाव के बीच बढ़ा टकराव
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव चरम पर है। हाल ही में सीमा पर हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हुई थी। दोनों देशों के बीच यह टकराव पिछले कई हफ्तों से जारी है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें
रसोई गैस को लेकर सरकार का बड़ा फैसला: PNG कनेक्शन वाले घरों को नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर
पाकिस्तान का दावा- आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई
पाकिस्तानी सरकार का कहना है कि काबुल और नंगरहार में किए गए हमलों में केवल आतंकवादी संगठनों के ठिकानों और उनके बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। उनका दावा है कि यह कार्रवाई बेहद सटीक और सावधानीपूर्वक की गई ताकि किसी भी आम नागरिक को नुकसान न पहुंचे।
