- TET की अनिवार्यता के विरोध में लामबंद शिक्षक करेंगे आंदोलन : मनोज वर्मा
- TETअनिवार्यता के खिलाफ शिक्षक एकजुट
- घुघली ब्लाक में आज से काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, 26 को होगा विशाल प्रदर्शन
महराजगंज। उत्तर प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों और सरकार के बीच गतिरोध बढ़ गया है। उच्चतम न्यायालय के हालिया फैसले के विरोध में महराजगंज जनपद के सभी मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठन एक साथ आ गए हैं। शिक्षकों ने घोषणा की है कि आज, 23 फरवरी से 25 फरवरी तक सभी शिक्षक स्कूलों में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे। इसी क्रम में बीआरसी घुघली पर चल रहे शारदा प्रशिक्षण में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध करते हुए प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया।

गौरतलब है कि शिक्षकों का मुख्य विरोध एक सितंबर 2025 के उस आदेश को लेकर है। इस आदेश के तहत, पूर्व में नियुक्त शिक्षकों के लिए भी सेवा में बने रहने और पदोन्नति प्राप्त करने के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य कर दिया गया है। शिक्षक नेता मनोज वर्मा ने इस संबंध में कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) 27 जुलाई 2011 से लागू हुआ था। नियमानुसार, इसके बाद नियुक्त शिक्षकों पर ही टीईटी लागू होनी चाहिए।

उन्होंने पुराने शिक्षकों पर इसे थोपने को ‘प्राकृतिक न्याय’ के सिद्धांतों के विरुद्ध बताया। शिक्षक संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। इसके तहत, 26 फरवरी को बीएसए कार्यालय पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन और घेराव की योजना है। शिक्षकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, उनका आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
