हिंदी रंगमंच पर तनिक ख्याली पुलाव !!

के. विक्रम राव
             के. विक्रम राव

“विश्व थ्येटर दिवस” पर आज (27 मार्च 2023) मेरा मस्तिष्क कुलांचें भर रहा है। कब वह मनोरम दौर, कम से कम वह शुभ पल, आएगा जब लखनऊ में हिंदी नाटकों के दर्शक अग्रिम बुकिंग कराया करेंगे। तरक्की तब दिखेगी जब उसके टिकट काला बाजार में बिकेंगे। जैसे दादर-मुंबई में मराठी-गुजराती के दर्शकों के साथ होता है। फोकटिया दर्शक हतोत्साहित होंगे। सभी दैनिकों में होड़ लगेगी, उम्दा समीक्षा लिखने के लिए। जैसे फिल्म के लिए होती है। फिर आम दर्शक कई दिनों घरेलू चौपालों में पात्रों के अभिनय की चर्चा करता रहेगा। कभी मार्केट में कहीं कोई मंचीय पात्र दिखा तो भीड़ में फुसफुसाहट होगी : “अरे यह तो वही हैं”। कुछ ऑटोग्राफ के लिए भी लपकेंगे। जैसे मैंने किया था एक बार स्व. केपी सक्सेना के साथ। हालांकि बाद में मेरे वे हमराही बन गए थे। उनका लेख था : “मैं आसनसोल गया था।” गजब का व्यंग था। मेरा सपना है कि राजनेता भी ऐसे ही नए युग में इन नाट्यकारों का सार्वजनिक मंच पर सम्मान करेंगे। चाय पर चुनावी चर्चा में उन्हे शामिल कराएंगे।

जनसमर्थन दिलवाने हेतु उनसे वोट मांगेंगे। तब चेन्नई, मुंबई, कोलकाता के सिने निर्माता अवध आकर इन कलाकारों को खोजेंगे। और फिर “लगान” (लखनवी) सरीखी फिल्में ज्यादा बनेंगी। कारवां उनका लंबाता जाएगा। चूंकि मानव हृतंत्री तो आशा से ही निनादित होती हैं। अतः यह सब हकीकी हो सकती हैं। पश्चिम-दक्षिण भारत (मेरी मातृभाषा तेलुगू क्षेत्र मिलाकर) में ऐसा हो रहा है। जमीन पर मंच के तारे दमकते है। अवतरित रहे हैं। बस शर्त यही है कि हिंदी थ्येटर पादरीनुमा नैतिक और उपदेशात्मक न हों। मार्क्सवादी थ्येटर इसीलिए कलात्मकता से कटा रहा। वे सोवियत सपना बुनते थे जो मिखाइल गोर्बाचोव ने तार तार कर डाला। आधुनिक नाटककारों में सफदर हाशमी नायाब रहें। उनकी “मशीन” अलग किस्म की थी। हम श्रमजीवियों और बुद्धिकर्मियों के लिए मनभावन थी। इंदिरा गांधी की एमर्जेंसी पर उनका कटाक्ष यादगार रहेगा।

क्रूर आलोचकों ने उनकी हत्या कर दी। विजयन देथा की राजस्थानी लोकगाथा की रूह को हबीब तनवीर ने जिस्म से दिया था। नाम दिया था “चरनदास चोर”। दस्यु भी ईमानदार और पेशेवर कौशल से संपन्न था। लेखक-निर्देशक-अभिनेता उत्पल दत्त की तो सानी नहीं। उनकी “मानुशेर अधिकार” तो विह्वल कर डालता हैं। कई बार बंगाल की कांग्रेस सरकार ने उन्हें सलाखों के पीछे डाल दिया। पाबंदी तो भयभीत शासकों ने विजय तेंदुलकर की “सखाराम बाइंडर” पर भी ठोक दी थी। जन-विरोध के बाद हटाना पड़ा। तमिल के स्व. चो रामास्वामी भुलाए नहीं जा सकते। द्रविड़ कज़गम पर उनके नाटकों द्वारा हमलों के लिए। हिंदी क्षेत्रों में इप्टा (25 मई 1942) को विख्यात रहा है। क्यों न हो ? इसे वैज्ञानिक डॉ होमी जहांगीर भाभा ने प्रेरित किया था। वे स्वयं रोमां रोलां की “पीपुल्स थ्येटर” की अवधारणा से अनुप्राणित हुए थे। ब्रिटिश साम्राज्य के समय बंगाल अकाल में मरे लाखों शवों से द्रवित होकर विनय राय के कल्चरल स्क्वेड ने “भूखा है बंगाल” रचा था।

हालांकि बाद में महासचिव पीसी जोशी खुद उनकी कम्युनिस्ट पार्टी का सांस्कृतिक मतलब इप्टा से साधने लगे थे। राजनीतिक संदेशा वाजिब हो, पर पार्टी का ठप्पा लगने से विश्वसनीयता क्षीण हो जाती है। राष्ट्रीय रंगमंच के लिए लखनऊ का योगदान अप्रतिम रहा। चंद नाम हैं जैसे सूर्य मोहन कुलश्रेष्ठ, जितेंद्र मित्तल, प्रभात बोस, स्व उर्मिल थपलियाल आदि। इन सब का योगदान विशाल है। इसी क्रम में उल्लेखनीय हैं वे लोग भी हैं जो अन्य पेशों में रहे मगर रंगमंच को अनुष्ठान मानकर जुड़े रहे। पदमश्री डॉ राज बिसारिया (अंग्रेजी साहित्य में मेरे प्राचार्य थे) जो थ्येटर के विशिष्ट गुरु और भारतेंदु अकादमी के संस्थापक रहे। वैज्ञानिक डॉ अनिल रस्तोगी के “दर्पण” का योगदान तो सदा काबिले-तारीफ रहेगा।

डॉ. रस्तोगी ने बताया कि : “लखनऊ का रंगमंच पिछले एक वर्ष बहुत सक्रिय रहा। अब उसमें नए-नए प्रयोग होने लगे हैं। “दर्पण” संस्थान ने कुछ पुरानी प्रस्तुतियों के साथ उर्मिल थपलियाल के निर्देशन में ब्रेख्त, हेमेंद्र, कामता नाथ आदि की कृतियों को मंचित किया।” दर्पण के ही उपाध्यक्ष हैं डॉ एके सिंह जो मशहूर प्लास्टिक सर्जन हैं। मेडिकल विश्वविद्यालय के कुलपति भी। एक दिलचस्प जिक्र के तौर पर वरिष्ठ वकील इंद्र भूषण (आईबी) सिंह द्वारा पेश नाटिका “सांग” जरूरी है। उच्च न्यायालय में जज कैसे नामित होते हैं की प्रक्रिया पर यह तीव्र कटाक्ष हैं। अर्थात इस अवध नगरी का मंच हेतु योगदान वृहद है जिस पूरा ग्रंथ लिखा जा सकता है।

K Vikram Rao
Mobile : 9415000909
E-mail: [email protected]
Twitter ID: Kvikram Rao

Analysis

दो टूकः PM का 10 साल में एक भी काम नहीं जो वोट दिला सके, हैट्रिक पर किचकिच

क्या पीएम मोदी ने कोई काम नहीं किया जो हिंदू-मुस्लिम के नाम पर आज भी वोट मांग रहे राजेश श्रीवास्तव देश में जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, सियासी जंग में नए-नए मुद्दों की एंट्री हो रही है। तीसरे चरण का प्रचार आज थम जाएगा। ऐसे में हर पार्टी ने पूरा जोर लगा दिया है। […]

Read More
Analysis

किस्सा दो तानाशाहों के हरम का ! यौन शोषण अपनों का ही !!

के. विक्रम राव  कम्युनिस्ट राष्ट्रनायक और उत्तर कोरिया के 42-वर्षीय तानाशाह किम जोंग उन ने राजधानी प्योंगयोंग में अपने राजनिवास के रनिवास को हरम बनाकर कुंवारी कन्याओं को यौन-खिलौना बना डाला है। याद रहे यही चीन-मित्र किम है जिसने इस्लामिक पाकिस्तान को अणुबम का फार्मूला उपलब्ध कराया था। उसने उसे बम प्रक्रिया को चीन से […]

Read More
Analysis

जनसाधारण को समर्पित है भाजपा का संकल्प पत्र  

  डॉ. सौरभ मालवीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने व्यक्तित्व एवं कृत्तिव से भारतीय राजनीति में अपनी एक ऐसी पहचान स्थापित की है जिसका कोई अन्य उदाहरण दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने भाजपा को निरंतर दस वर्ष केंद्र की सत्ता में बनाए रखा। भाजपा की प्राय: सभी पुरानी घोषणाओं विशेषकर अयोध्या में राम जन्मभूमि […]

Read More