Weather Alert: नवंबर का महीना अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है और देश के कई हिस्सों में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इसी बीच मौसम ने एक बार फिर अलग-अलग राज्यों में अपना बदला हुआ मिजाज दिखाना शुरू कर दिया है। कहीं सुबह के समय घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगा, तो कहीं बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 नवंबर को उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे का असर रहेगा, जबकि दक्षिण भारत और द्वीपीय क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
दिल्ली-NCR में सुबह कोहरा, दिन में निकलेगी धूप
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 29 नवंबर की सुबह धुंध और कोहरा छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर का कोहरा भी देखने को मिल सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने का अनुमान है। फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

तापमान की बात करें तो अगले कुछ दिनों तक रात के पारे में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। वहीं, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इससे दिन के समय भी ठंड का अहसास बढ़ने लगेगा।
उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ने लगा है। IMD ने 29 नवंबर की सुबह राज्य के कई इलाकों में घने कोहरे की आशंका जताई है। यह स्थिति 30 नवंबर तक बनी रह सकती है। कम दृश्यता के कारण हाईवे और प्रमुख सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में भी सुबह के समय कोहरा छाने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को खासतौर पर सुबह और देर रात यात्रा करते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।

उत्तराखंड और हिमाचल में दिसंबर की शुरुआत में बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में 29 नवंबर को किसी बड़े मौसमी बदलाव का अलर्ट नहीं है। हालांकि दिसंबर की शुरुआत पहाड़ी राज्यों के लिए मौसम में बदलाव लेकर आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 दिसंबर की रात से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते 3 और 4 दिसंबर को हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

अंडमान-निकोबार में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है। 29 नवंबर को यहां गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 30 नवंबर और एक दिसंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार बढ़कर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है।

तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में बारिश का दौर
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। केरल और माहे में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में 29 नवंबर को बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी बादल बरसने का अनुमान है।

सीकर में सबसे कम तापमान, बढ़ने लगी ठंड
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 28 नवंबर को राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, केरल के कोझिकोड में 35.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को महिलाएं याद रखेंगी: केशव मौर्य
यूपी में 120 लोकसभा सीटें, बदलेगा सियासी गणित
अफगानिस्तान के स्कूल के पास भीषण धमाका, छह छात्रों की मौत, 97 घायल
मदरसों में अब शुक्रवार को नहीं मिलेगी छुट्टी, सरकार का नया आदेश
