UP Delimitation: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश में इसके संभावित असर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रस्ताव के तहत देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या मौजूदा आंकड़े से 50 फीसदी बढ़ाने की योजना है।
अगर यह प्रस्ताव कानून बनता है और यूपी में लागू होता है, तो राज्य की लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 हो सकती हैं। वहीं, विधानसभा की मौजूदा 403 सीटें बढ़कर करीब 604 या 605 हो सकती हैं। हालांकि, अभी यह प्रस्तावित व्यवस्था है। इसे संसद की मंजूरी और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया से गुजरना होगा।
हर सीट का बदलेगा चुनावी समीकरण
परिसीमन के तहत लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा। मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों को पुनर्गठित कर नए क्षेत्र बनाए जा सकते हैं। इससे कई सीटों का भौगोलिक स्वरूप बदलने के साथ-साथ वहां के सामाजिक और चुनावी समीकरणों पर भी असर पड़ सकता है। किस क्षेत्र को किस विधानसभा या लोकसभा सीट में शामिल किया जाता है, इससे स्थानीय जातीय और सामाजिक समीकरण बदल सकते हैं। अतीत में भी परिसीमन के कारण कई निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं और आरक्षण की स्थिति बदली है।
पूर्व मंत्री शतरुद्र प्रकाश ने चंदौली विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि परिसीमन के बाद इस सीट को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया था। वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र किया है। पूर्व MLC दीपक सिंह के मुताबिक, जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में भी परिसीमन के दौरान जामो ब्लॉक हटाकर बल्दीराय को जोड़ा गया था।

दीपक सिंह
महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण
प्रस्तावित व्यवस्था का एक अहम हिस्सा महिला आरक्षण है। इसके तहत लोकसभा और विधानसभा की कुल सीटों में 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की बात कही गई है।
इस बदलाव के बाद राजनीतिक दलों को अधिक संख्या में महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारना होगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में 47 महिलाएं विधायक चुनी गई थीं, जो कुल 403 सीटों का करीब 11.7 फीसदी था।
आरक्षित सीटों की संख्या में भी हो सकता है बदलाव
फिलहाल उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटें हैं, जिनमें 17 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। प्रस्तावित 50 फीसदी बढ़ोतरी के बाद लोकसभा सीटों की संख्या 120 हो सकती है। इसके साथ ही आरक्षित सीटों का भी नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा।
विधानसभा में अभी अनुसूचित जाति के लिए 84 और अनुसूचित जनजाति के लिए दो सीटें आरक्षित हैं। परिसीमन के बाद इनकी संख्या और सीमाओं में बदलाव संभव है। नए क्षेत्रों में आरक्षण का निर्धारण संबंधित आबादी और परिसीमन आयोग के फैसलों के आधार पर होगा।
संसद की मंजूरी के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
केंद्र सरकार ने 27 नवंबर 2026 को परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी दी है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है, जिसमें इन प्रस्तावों पर चर्चा और आगे की विधायी प्रक्रिया हो सकती है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
मदरसों में अब शुक्रवार को नहीं मिलेगी छुट्टी, सरकार का नया आदेश
बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, मां-बेटे समेत चार की मौत
ANTF यूनिट वाराणसी को मिला बड़ी कामयाबी: 62 लाख की अवैध हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
