Lucknow: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कितना भारी पड़ सकता है, इसका एक मामला राजधानी लखनऊ के विकासनगर क्षेत्र में सामने आया है। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने वाले मध्य प्रदेश निवासी एक युवक ने महिला को अपनी बातों में फंसाया और फिर साथी के साथ उसके घर पहुंचकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। महिला के बेहोश होने पर दोनों घर में रखे 18 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
होश आने पर महिला ने आलमारी और बक्से में रखी नकदी गायब देखी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। रुपये वापस मांगने पर आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से विकासनगर पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, घर तक पहुंच गया युवक
मूल रूप से झारखंड के कोडरमा की रहने वाली 29 वर्षीय लक्ष्मी मोदी विकासनगर के सेक्टर-सी, सबौली में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए उनकी दोस्ती मध्य प्रदेश के सागर निवासी सौरभ यादव से हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे सौरभ का उनके घर भी आना-जाना शुरू हो गया।
शादी का दबाव बनाने लगा आरोपित
पीड़िता के मुताबिक, एक दिन फोन पर सौरभ से बातचीत के दौरान उनके मौसी के बेटे दीपक का घर आना हुआ। दीपक ने अपनी बहन की शादी में खर्च करने के लिए 18 लाख रुपये सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उन्हें दिए थे। आरोप है कि इस बातचीत को सौरभ ने मोबाइल पर सुन लिया था। इसके बाद वह महिला पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। महिला ने उसे बताया कि वह पहले से शादीशुदा हैं और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं, लेकिन इसके बावजूद सौरभ का दबाव जारी रहा।
ये भी पढें
असम में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस-कंटेनर की टक्कर में 23 की मौत
कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप
लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि 27 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे सौरभ अपने साथी श्यामनाम देव के साथ उनके घर पहुंचा। दोनों करीब तीन घंटे तक घर पर रहे। इसी दौरान सौरभ ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गईं।
आरोप है कि महिला के बेहोश होने का फायदा उठाकर दोनों घर में रखे 18 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब लक्ष्मी को होश आया तो उन्होंने घर में सामान बिखरा और बक्सा खुला देखा। उसमें रखी नकदी गायब थी।
रुपये मांगने पर धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने सौरभ को फोन कर रुपये वापस मांगे तो वह लगातार आश्वासन देकर टालता रहा। इसके बाद उन्होंने सौरभ के चाचा गब्बर से संपर्क किया। आरोप है कि वहां से उन्हें जानकारी मिली कि रुपये शिवानी यादव के पास रखे हुए हैं।
महिला का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो सौरभ गाली-गलौज करने लगा और धमकी देने लगा। पीड़िता ने पहले थाने और फिर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में न्यायालय के आदेश पर विकासनगर पुलिस ने सौरभ यादव और श्यामनाम देव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ आलोक सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपों की सत्यता और 18 लाख रुपये की रकम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
असम में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस-कंटेनर की टक्कर में 23 की मौत
मुस्तैदी छठ महापर्व पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
छठ पर घर लौटना मुश्किल, ट्रेनें फुल और हवाई किराया आसमान पर
Paytm को RBI का बड़ा तोहफा, डिजिटल वॉलेट कारोबार फिर होगा शुरू
