Brajesh Pathak on SIR: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने के मुख्यमंत्री योगी के दावे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (SIR) चुनाव आयोग का काम है। घर-घर जाकर सभी पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग की है।
मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान ब्रजेश पाठक ने कहा कि चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से छूटने न पाए। यदि इस प्रक्रिया में कहीं कोई लापरवाही हुई है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल इस प्रक्रिया में सहयोगी की भूमिका निभाते हैं, जबकि मतदाता सूची को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग की है। पाठक ने जोर देकर कहा कि सभी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करते हुए जिन लोगों के नाम छूट गए हैं, उन्हें दोबारा सूची में शामिल किया जाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने भी उठाए सवाल
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने संबंधी दावे पर सवाल उठाए थे। उन्होंने पूछा था कि मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला और क्या निर्वाचन आयोग ने पूरी जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ साझा की है।

अखिलेश यादव ने कहा था कि मुख्यमंत्री पहले घुसपैठियों का मुद्दा उठाते रहे हैं और अब दावा कर रहे हैं कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने इस आंकड़े के आधार पर निर्वाचन आयोग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
17 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्यक्रम संशोधित किया गया है। अब ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित होगी। पहले इसके प्रकाशन की तारीख 12 नवंबर तय की गई थी, लेकिन पंच पर्व की छुट्टियों के कारण कार्यक्रम में बदलाव किया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
नया लुक के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
Google Play Store: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.app.nayalooknews
भाई दूज 2026: कब और किस समय करें तिलक?
महराजगंज जिले के ठूठीबारी से अगवा दो माह का मासूम दिल्ली के कश्मीरी गेट से बरामद
मलेशिया में सुना अयोध्या के दीपोत्सव का नाम, ऑस्ट्रेलिया से रामनगरी पहुंच गए शेन
