उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज। पुलिस लाइन स्थित आरटीसी (रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस प्रशिक्षुओं को रविवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का मूल मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण काल ही एक आदर्श, सक्षम और उत्तरदायी पुलिसकर्मी के निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला होता है। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं को पुलिस सेवा के मूल सिद्धांतों का पालन करते हुए जनता के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की सीख दी।
एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करना है। इसके लिए हर पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और समय पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिस की छवि उसके आचरण, व्यवहार और कार्यशैली से बनती है। ऐसे में प्रत्येक प्रशिक्षु को सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता के साथ अपने व्यक्तित्व का विकास करना होगा।
एसपी ने आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकता पर भी प्रकाश डालते हुए साइबर अपराध की रोकथाम, भीड़ नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की प्रभावी रणनीतियों की जानकारी दी। साथ ही तकनीकी दक्षता, सूझबूझ और त्वरित निर्णय क्षमता विकसित करने पर बल दिया, ताकि बदलते समय में पुलिस और अधिक प्रभावी बन सके। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी लाइन भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन का कड़ाई से पालन करने, शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त रहने और प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता के साथ ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में एसपी ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों को अपने दैनिक कार्यों में आत्मसात करें, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हो और पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास सुदृढ़ हो सके।
