- बढ़ेगी लखनऊ की रफ्तार और चमकेगा पूरे शहर का कारोबार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के लोगों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। शहर के सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12 और 13 मार्च को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे पुराने और नए लखनऊ को जोड़ने वाले ग्रीन कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना के शुरू होने से ट्रांसगोमती क्षेत्र के निवासियों के लिए पुराने लखनऊ तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा, जिससे चौक समेत पुराने बाजारों के कारोबार को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें
यूपी कैबिनेट के बड़े फैसले: फर्जी प्रॉपर्टी रजिस्ट्री पर लगेगा ब्रेक
ग्रीन कॉरिडोर के शुरू होने से ट्रांसगोमती इलाके के लोग अब आसानी से पुराने लखनऊ के चौक और आसपास के बाजारों तक पहुंच सकेंगे। इससे जहां ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं पुराने शहर के व्यापार को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार, रक्षा मंत्री 12 मार्च की शाम करीब आठ बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे एक पारिवारिक वैवाहिक समारोह में शामिल होंगे और इसके बाद कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे।
ये भी पढ़ें
सीएम योगी की मां पर टिप्पणी को लेकर बवाल, मौलाना के खिलाफ 83 थानों में FIR
अगले दिन यानी 13 मार्च को रक्षा मंत्री सुबह 11:20 बजे अपने आवास से प्रस्थान कर 11:30 बजे सीएमएस की गोल्फ सिटी शाखा के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे राजाजीपुरम में बीकेटी के विधायक योगेश शुक्ला के आवास और राजेंद्र नगर स्थित पूर्व एमएलसी स्वर्गीय विंध्यवासिनी कुमार के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दोपहर बाद शाम करीब 4:30 बजे रक्षा मंत्री यूपी के वजीर-ए-आला योगी आदित्यनाथ के साथ समतामूलक चौराहे पर ग्रीन कॉरिडोर का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के बाद वे समतामूलक चौराहे से डालीगंज पुल तक बने इस कॉरिडोर का अवलोकन भी करेंगे और परियोजना से जुड़े कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम के बाद रक्षा मंत्री शाम पांच बजे हसनगंज स्थित झूलेलाल वाटिका में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद वे शाम लगभग 6:20 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
