नया लुक संवाददाता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित सेक्टर–25 में उस समय विवाद गहरा गया जब नगर निगम की टीम कॉलोनी के सुरक्षा गेट को हटाने के लिए मौके पर पहुंच गई। टीम द्वारा गेट का ताला तोड़ने की कोशिश किए जाने की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों में भारी रोष फैल गया और मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। निवासियों का आरोप है कि नगर निगम की टीम गेट का ताला तोड़ने के लिए एक नाबालिग लड़के (समीर पुत्र जुनैद) को साथ लेकर आई थी। स्थानीय लोगों और RWA ने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए इसकी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा किसी नाबालिग को इस तरह के कार्य में शामिल करना कानून और नैतिकता दोनों के लिहाज से गलत है।

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि इस मामले में पहले ही प्रशासन की ओर से नोटिस दिया गया था, जिसका जवाब भी निवासियों ने लिखित रूप में दे दिया था। इसके अलावा कई शिकायतें और स्पष्टीकरण भी लिखित रूप में प्रस्तुत किए गए हैं। इसके बावजूद बिना किसी अंतिम आदेश या स्पष्ट कानूनी प्रक्रिया के अचानक गेट के ताले तोड़ने की कोशिश करना समझ से परे है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, सेक्टर–25 में रहने वाले 400 से अधिक लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सबसे पहले क्षेत्र में चल रही अवैध डेयरियों और अतिक्रमण पर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि कॉलोनी की सुरक्षा के लिए लगाए गए गेट को हटाने के बजाय प्रशासन को पहले बाउंड्री वॉल और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। निवासियों ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कॉलोनी के सुरक्षा गेट को हटाया जाता है और उसके बाद किसी प्रकार की आपराधिक या सुरक्षा से जुड़ी घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर कॉलोनी में प्रशासन और निवासियों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
