भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया, बल्कि टूर्नामेंट के सबसे बड़े व्यक्तिगत सम्मान ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ पर भी कब्जा जमा लिया। उनकी आक्रामक और लगातार प्रभावी पारियों ने टीम इंडिया की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस उपलब्धि के साथ संजू सैमसन T20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह सम्मान हासिल करने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह ही यह पुरस्कार जीत चुके हैं। सैमसन के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने लगातार टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई और कई मैचों में निर्णायक भूमिका निभाई।
सैमसन का बल्ला पूरे टूर्नामेंट में जमकर बोला। उन्होंने कुल 321 रन बनाए और कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में टीम को जीत की ओर पहुंचाया। सुपर-8 चरण के अहम मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी नाबाद 97 रन की पारी ने भारत को मुश्किल स्थिति से निकालकर जीत दिलाई। इस पारी को टूर्नामेंट की सबसे यादगार पारियों में गिना जा रहा है। इसके बाद भी उनका शानदार फॉर्म जारी रहा। सेमीफाइनल और फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में उन्होंने लगातार 89-89 रन बनाकर टीम की जीत की नींव रखी। उनकी इस स्थिर और आक्रामक बल्लेबाजी ने विरोधी टीमों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
कौन हैं ईशान किशन की गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया? T20 वर्ल्ड कप जीत के बाद साथ मनाया जश्न
लगातार दूसरे T20 वर्ल्ड कप में यह सम्मान किसी भारतीय खिलाड़ी को मिला है। इससे पहले 2024 के संस्करण में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आठ मैचों में 15 विकेट लेकर यह पुरस्कार अपने नाम किया था। वहीं विराट कोहली इस पुरस्कार को दो बार जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 2014 और 2016 में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब हासिल किया था।
T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कई दिग्गज खिलाड़ियों ने यह सम्मान जीता है। 2007 में पहले संस्करण में पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी को यह पुरस्कार मिला था, जबकि बाद के वर्षों में तिलकरत्ने दिलशान, केविन पीटरसन, शेन वॉटसन, डेविड वॉर्नर और सैम करन जैसे खिलाड़ी भी इस सूची में शामिल हुए।
संजू सैमसन का यह प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी निरंतरता, आत्मविश्वास और बड़े मैचों में दमदार बल्लेबाजी ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान का हकदार बना दिया।
