उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथ की मां को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। पुलिस ने इस मामले में मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई बलरामपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष की शिकायत के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, मौलाना के बयान के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में विरोध शुरू हो गया था। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर लोगों ने इस बयान को लेकर नाराजगी जताई। इसके बाद विभिन्न संगठनों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि बलरामपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी इस मामले को लेकर तहरीर दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य के करीब 80 से अधिक थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। कई सामाजिक संगठनों और हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया है कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी समाज में तनाव पैदा कर सकती है।
इस विवाद के बाद कई जिलों में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिले। प्रदर्शनकारियों ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से जल्द गिरफ्तारी की अपील की है। कुछ स्थानों पर लोगों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी भी की।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी या बयानबाजी को गंभीरता से लिया जाएगा।
