- पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
नया लुक ब्यूरो
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पांच राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश की गतिविधियों से कुछ क्षेत्रों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
ये भी पढ़ें
दिल्ली से बड़ी खबर: JNU में पुलिस-छात्रों के बीच झड़प, 25 पुलिसकर्मी घायल
IMD के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27-28 फरवरी और 2 से 4 मार्च के बीच जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 27-28 फरवरी को पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार (27 फरवरी) से लेकर मार्च की शुरुआत तक आसमान पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है।
ये भी पढ़ें
उत्तर प्रदेश में आज मौसम साफ रहेगा और अगले सप्ताह तक पूर्वी व पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में शुष्क मौसम की संभावना है। तेज धूप के कारण दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जो सामान्य से अधिक रहेगा। वहीं बिहार में भी गर्मी का असर तेज होता दिख रहा है। मार्च की शुरुआत के साथ तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि अगले दो दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की सम्भावना नहीं है। मौसम विभाग ने लोगों को दिन में तेज धूप से बचाव और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
