मेहदावल/संत कबीर नगर। तहसील मेहदावल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर प्रीति सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी आलोक कुमार को लिखित शिकायत पत्र के साथ कथित वीडियो साक्ष्य सौंपते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। शिकायत जेएसएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोविंद कुशवाहा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितेश श्रीवास्तव तथा गोरखपुर के जिला अध्यक्ष चंदन मौर्य द्वारा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी द्वारा औषधि व्यवसायियों से अवैध धन की मांग की जा रही है। उनका दावा है कि इस संबंध में वीडियो प्रमाण भी उपलब्ध कराया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की कि प्रकरण की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कर दोष सिद्ध होने की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि प्रशासनिक तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। इस दौरान विनोद कुमार त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को योगी आदित्यनाथ का चित्र भेंट किया। उन्होंने कहा कि यह चित्र प्रकरण की गंभीरता की याद दिलाता रहेगा और प्रशासन से अपेक्षा है कि मामले में शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मेहदावल के विधायक अनिल त्रिपाठी ने भी जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने पुष्टि की कि शिकायत पत्र प्राप्त होने के बाद प्रकरण को आवश्यक कार्रवाई हेतु शासन को प्रेषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।
