- BRD मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान दरोगा संतोष कुमार की हुई मौत
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज। जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के जालसाजी के मामले में दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक दरोगा की मौत हो गई, जबकि अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक रामगढ़ताल थाना की पुलिस टीम जालसाजी प्रकरण में कार्रवाई कर वापस लौट रही थी। तड़के करीब पांच बजे कतरारी इलाके के पास चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया। स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वाहन में SSI रमेश चंद्र कुशवाहा, दरोगा संतोष कुमार, महिला दरोगा गीता, चालक सहित अन्य पुलिसकर्मी सवार थे। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और राहत टीम ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल दरोगा संतोष कुमार को BRD मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। SSI और महिला दरोगा की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि चालक खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
