ए अहमद सौदागर
लखनऊ। यूपी में ठगों का आतंक थम नहीं रहा है। कानपुर जिले के कल्याणपुर में एक युवती को एक बेखौफ युवक ने पहले खुद को सरकारी बैंक का अधिकारी बताकर प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद IAS में चयन होने और शादी का सपना दिखाकर उससे करीब 71 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोप है कि ठग ने सरकारी विभाग की वेबसाइट जैसी मेल आईडी से फर्जी ई-मेल, ज्वाइनिंग लेटर और दस्तावेज व्हाट्सएप पर भेजकर भरोसा दिलाया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने पहले 26.50 लाख रुपए नकद लिए। इसके बाद करीब 45 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर भी हड़प लिए। IAS अधिकारी बनने के बाद शादी करने का वादा किया गया था, इसलिए युवती ने पूरी तरह भरोसा कर लिया। जब शक हुआ और रुपए वापस मांगे गए तो फर्जी नियुक्ति पत्र और चेक देकर टालमटोल की गई।
पुलिस के मुताबिक, कल्याणपुर निवासी युवती ने बताया कि शुक्लागंज के दिवाकर मिश्रा उर्फ सत्यम परिवारिक मित्र हैं। उन्हीं के माध्यम से चकेरी निवासी नीतेश पांडेय से मुलाकात हुई। नीतेश ने खुद को पहले सरकारी बैंक में फील्ड ऑफिसर बताया, फिर SDM और बाद में आईएएस में चयन का दावा किया। पीड़िता का आरोप है कि रुपए और जेवर लेने के बाद आरोपी पक्ष ने निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। 14 अक्टूबर 2025 को दिवाकर मिश्रा उर्फ सत्यम के घर में घुसकर चाकू दिखाने, गाली-गलौज करने और पूरे परिवार को जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने चार आरोपियों पर केस दर्ज कर देर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
