- DM ने दिखाई हरी झंडी, 15 दिन तक दौड़ेगा ‘बाल- विवाह मुक्ति रथ’
- बाल-विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक भविष्य के लिए गंभीर खतरा : संतोष कुमार शर्मा
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज। बाल-विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के समूल उन्मूलन के उद्देश्य से बाल-विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनपद महराजगंज में मंगलवार को ‘बाल-विवाह मुक्ति रथ जागरूकता यात्रा’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के साथ हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को औपचारिक रूप से रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “बाल-विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक इस संदेश को पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। यह जागरूकता यात्रा लगातार 15 दिनों तक संचालित की जाएगी, जिसके अंतर्गत जनपद महराजगंज के सभी विकास खंडों को कवर किया जाएगा। अभियान के दौरान सांसद, विधायक, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई है। अभियान के अंतर्गत समाज के प्रभावशाली मंचों को जोड़ते हुए प्रसिद्ध मंदिरों, गुरुद्वारों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर भी विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि सामाजिक एवं धार्मिक नेतृत्व के माध्यम से बाल-विवाह के विरुद्ध सशक्त संदेश जन-जन तक पहुंच सके।
यह सम्पूर्ण कार्यक्रम Just Rights for Children (JRC) के सहयोग से सर्व-हितकारी सेवाश्रम द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, जिला बाल संरक्षण इकाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। सभी विभागों ने एक स्वर में कहा कि “बाल-विवाह की रोकथाम के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ सामाजिक सहयोग अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सत्यभामा, चाइल्ड हेल्पलाइन श्याम सिंह, जिला प्रवचन अधिकारी कन्हैया, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं सर्व-हितकारी सेवाश्रम से विजय प्रताप, नवनीत जायसवाल, अजय सिंह, प्रियंका पांडे, शिखा दुबे, विनय सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय उपस्थिति रही।
