वैलेंटाइन डे से पहले रिलीज हुआ विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओ रोमियो’ का ट्रेलर रोमांस और हिंसा के अनोखे मेल की झलक देता है। फिल्म में जहां शाहिद कपूर का इंटेंस अंदाज चर्चा में है, वहीं असली सरप्राइज बनकर उभरे हैं अविनाश तिवारी, जो इस बार प्यार नहीं बल्कि तबाही का चेहरा बने नजर आते हैं।
अविनाश तिवारी को दर्शक आज भी ‘लैला मजनू’ के मासूम और दर्द से भरे कैस भट्ट के रूप में याद करते हैं। उस फिल्म में उन्होंने मोहब्बत में डूबे एक शख्स का किरदार निभाकर दिल जीत लिया था। लेकिन ‘ओ रोमियो’ में वही अभिनेता एक खौफनाक विलेन ‘जलाल’ के रूप में सामने आया है, जो अपने ही अंदाज से डर पैदा करता है।
ट्रेलर में अविनाश का बदला हुआ लुक, सख्त बॉडी और आक्रामक नजरें यह साफ कर देती हैं कि उन्होंने इस किरदार के लिए खुद को पूरी तरह ढाल लिया है। उनके इस ट्रांसफॉर्मेशन को देखकर फैंस हैरान हैं और सोशल मीडिया पर लगातार उनकी तुलना उनके पुराने ‘मजनू’ अवतार से की जा रही है।
शाहिद कपूर ने ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा कि “उस्तरा से पंगा मत लो”, जो फिल्म के खतरनाक माहौल को और भी गहराई देता है। ट्रेलर में रोमांस, बदला और एक्शन का ऐसा मेल है, जो विशाल भारद्वाज की सिग्नेचर स्टाइल को दर्शाता है।
हालांकि फिल्म रिलीज से पहले विवादों में भी घिरी रही है, लेकिन ट्रेलर को मिली प्रतिक्रिया से साफ है कि दर्शकों की उत्सुकता चरम पर है। ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और यह देखना दिलचस्प होगा कि अविनाश तिवारी का यह विलेन अवतार बॉक्स ऑफिस पर कितना असर डालता है।
